जयपुर. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा ने सोमवार को पार्टी नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला की टिप्पणी का समर्थन करते हुए यहां कहा कि देश में मौजूदा (राजनीतिक) लड़ाई ‘दानव और मानव’ के बीच चल रही है. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि देश को जिम्मेदार प्रधानमंत्री चाहिए, एक प्रचार मंत्री नहीं.
खेड़ा ने विश्वास जताया कि इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस दोबारा जीत हासिल करके सरकार बनाएगी.
वहीं, केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राजस्थान चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी ने सुरजेवाला के इस बयान को देश के मतदाताओं का अपमान बताया और कहा कांग्रेस को जनता से माफी मांगनी चाहिए.
खेड़ा ने पार्टी सांसद रणदीप सुरजेवाला के एक बयान के बारे में पूछे जाने पर कहा, ”संसद में प्रधानमंत्री दो घंटे 13 मिनट बोले. हंसी ठिठोली, फूहड़ मजाक, नारेबाजी चल रही है…. मणिपुर में महिलाओं के साथ क्या हुआ, वह भी आपने देखा… तो आप मुझे बताइए यह दानव मानसिकता नहीं है तो क्या है?” उन्होंने आगे कहा, ”इस देश के इतिहास में कई प्रधानमंत्री हुए.. अलग-अलग पार्टी के प्रधानमंत्री देखे हैं… ऐसा प्रधानमंत्री कभी नहीं देखा. एक तरफ देश का एक हिस्सा, एक कोना जल रहा हो और प्रधानमंत्री संसद में खड़े होकर मजाक कर रहे हों.”
उन्होंने कहा, ”मैं उनकी (सुरजेवाला की) बात से सहमत हूं कि आज जो लड़ाई चल ही है, जो संघर्ष चल रहा है वह दानव व मानव का चल रहा है… इसमें कोई शक की बात नहीं. इस देश को एक जिम्मेदार प्रधानमंत्री चाहिए, एक प्रचार मंत्री नहीं चाहिए.” सुरजेवाला ने रविवार को हरियाणा के कैथल में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा था, ”युवाओं के भविष्य को (मनोहर लाल) खट्टर और दुष्यंत चौटाला मंडी में बोली लगाकर बेच रहे हैं…नौकरी मत दो, मौका तो दो. भाजपा-जजपा के राक्षसों, तुम लोग राक्षस हो. जो लोग भाजपा और जजपा को वोट देते हैं और भाजपा समर्थक हैं, वे राक्षस प्रवृत्ति के हैं.” अपनी इस टिप्पणी को लेकर भाजपा के निशाने पर आने के बाद उन्होंने सोमवार को कहा कि युवाओं के भविष्य पर ‘बुलडोजर चलाने वाले’ लोग ‘असुर’ नहीं तो क्या देवता हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि उनकी बात को तिल का ताड़ बनाया गया है और वह ‘गीदड़ भभकियों’ से डरने वाले नहीं हैं तथा जनता के मुद्दे उठाते रहेंगे. राजस्थान में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं. खेड़ा ने विश्वास जताया कि राज्य में हर चुनाव में सरकार बदलने का ‘रिवाज’ इस बार टूटेगा और सत्तारूढ. कांग्रेस फिर सरकार बनाएगी.
उन्होंने कहा, ”अशोक गहलोत की योजनाओं को लेकर लोगों में जो प्रसन्नता दिखती है उससे हमारे मन में भरोसा जगा है कि इस बार रिवाज टूटेगा और कांग्रेस की सरकार फिर से आएगी.” मुख्य विपक्षी दल भाजपा द्वारा कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधे जाने पर खेड़ा ने कहा कि विडंबना है कि भाजपा वाले अपनी ही केंद्र सरकार द्वारा जारी राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़े नहीं पढ.ते.
उन्होंने कहा, ”इनकी सरकार के आंकड़े बताते हैं कि उत्तर प्रदेश या असम या अन्य राज्य में क्या हो रहा है? हमारी मानसिकता तुलना की नहीं है क्योंकि अपराध अपराध होता है गलत-गलत होता है. लेकिन सरकार कितनी जागरूक है, यह तुलना आप जरूर कर सकते हैं.” उन्होंने कहा, ”जब भी ऐसी कोई वारदात हुई, अशोक गहलोत की सरकार ने त्वरित कार्रवाई करके एक उदाहरण पूरे देश को दिया कि कैसे सरकार को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए. हम इनके जैसे नहीं हैं कि कठुआ में, उन्नाव में, हाथरस में कोई वारदात हो तो बलात्कारियों के साथ जाकर खड़े हो जाते हैं.”
वहीं, केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने सुरजेवाला के बयान की निंदा करते हुए इसे मतदाताओं का अपमान करार दिया. यहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा,”आपातकाल से लेकर आज तक राक्षस कौन है, लोगों ने देख लिया है. कांग्रेस की अहंकारी मानसिकता देखिए… अगर उनको वोट नहीं देते हैं तो लोगों को ‘राक्षस’ बना देते हैं ये लोग. क्या केवल उनको वोट देने पर ही लोग अच्छे व्यक्ति हैं?’ उन्होंने कहा,”संप्रग सरकार के 10 साल के कारनामों को देखते हुए लोगों ने मोदी जी को वोट दिया. क्या आप उन लोगों को राक्षस बोलना चाहते हैं? … ये लोगों का, मतदाताओं का और भारत के आम नागरिक का अपमान है. सुरजेवाला के इस बयान पर कांग्रेस को जनता से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए.”