स्वतंत्रता दिवस पर लालकिले की प्राचीर से मोदी का संबोधन प्रधानमंत्री के तौर पर आखिरी होगा: ममता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 14 Aug 2023 10:42 PM
स्वतंत्रता दिवस पर लालकिले की प्राचीर से मोदी का संबोधन प्रधानमंत्री के तौर पर आखिरी होगा: ममता
ऑडियो सुनें

कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वतंत्रता दिवस पर संबोधन दिल्ली में लालकिले की प्राचीर से प्रधानमंत्री के रूप में उनका आखिरी संबोधन होगा. स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संख्या पर बेहाला में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में बनर्जी ने यह घोषणा भी की कि विपक्षी गुट ‘इंडिया’ जल्द ही मैदान में उतरेगा. उन्होंने कहा, ”खेला होबे.” ‘खेला होबे’ एक नारा था जिसे पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ दल टीएमसी ने 2021 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान गढ़ा था.

बनर्जी ने कहा, ”मोदीजी का स्वतंत्रता दिवस पर कल का संबोधन प्रधानमंत्री के रूप में लालकिले की प्राचीर से उनका आखिरी संबोधन होगा.” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनका मानना है कि विपक्षी गुट ‘इंडिया’ 2024 के लोकसभा चुनाव में विजयी होगा, जिसमें उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस एक घटक है. उन्होंने कहा, ” ‘इंडिया’ गठबंधन पूरे देश में भाजपा को खत्म कर देगा. पश्चिम बंगाल में टीएमसी भाजपा को निर्णायक रूप से परास्त करेगी.”

बनर्जी ने संकेत दिया कि वह प्रधानमंत्री पद की महत्वाकांक्षा नहीं रखती हैं, उन्होंने कहा कि ”बंगाल ‘कुर्सी’ नहीं चाहता है, वह भाजपा ‘सरकार’ को उखाड़ फेंकना चाहता है.” टीएमसी प्रमुख बनर्जी ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप हैं. उन्होंने राफेल विमान खरीद और अधिक मूल्य के नोट को चलन से बाहर करने का उल्लेख “संदिग्ध” के तौर पर किया. बनर्जी ने कहा, ”पश्चिम बंगाल में भ्रष्टाचार के कुछ मामले सामने आए हैं, जिनके खिलाफ हमने तत्काल कदम उठाए हैं. हालांकि, केंद्र सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के कई आरोप हैं, चाहे वह राफेल विमान सौदा हो या 2,000 रुपये के नोट को चलन से बाहर करना हो.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu