माओवादियों के साथ मुठभेड़ में झारखंड जगुआर फोर्स के दो जवानों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Aug 2023 06:55 PM
माओवादियों के साथ मुठभेड़ में झारखंड जगुआर फोर्स के दो जवानों की मौत
ऑडियो सुनें

चाईबासा. झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में माआवोदियों के साथ मुठभेड़ में झारखंड जगुआर फोर्स के दो जवानों की मौत हो गयी.
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह मुठभेड़ सोमवार देर रात को टोंटो पुलिस थाना क्षेत्र में तुम्बाहाका और सरजोमबुरू गांवों के बीच एक जंगल में हुई.

पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”माओवादियों के साथ मुठभेड़ में सब-इंस्पेक्टर अमित तिवारी और कांस्टेबल गौतम कुमार नामक दो जवान मारे गए.” उन्होंने बताया कि इलाके में शीर्ष माओवादियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिलने पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), कोबरा, झारखंड जगुआर फोर्स और जिला सशस्त्र पुलिस के संयुक्त दल ने व्यापक पैमाने पर तलाश अभियान शुरू किया. उन्होंने बताया कि सुरक्षार्किमयों को आते देख माओवादियों ने उन पर गोलियां चलायी जिसके बाद हुई मुठभेड़ में दो जवानों की मौत हो गयी.

सोशल मीडिया ‘एक्स’ (पहले यह ट्विटर के नाम से जाना जाता था) पर किये गये पोस्ट में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा, ” पश्चिम सिंहभूम जिले में माओवादियों के साथ मुठभेड़ में झारखंड जगुआर के दो सैनिकों –अमित तिवारी और गौतम कुमार की शहादत की दुखद खबर मिली. ईश्वर इन दिवंगत आत्माओं को शांति दे तथा उनके शोक संतप्त परिवारों को इस कष्ट को सहने की क्षमता दे. इन वीर शहीदों के अदम्य साहस और वीरता को हमारा बार बार नमन.”

इस घटना से कुछ दिन पहले इसी इलाके में माओवादियों के साथ मुठभेड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान की मौत हो गयी थी और एक अन्य घायल हो गया था. इलाके में शीर्ष माओवादियों की गतिविधियों के मद्देनजर जनवरी से ही जिले के कोल्हान कोर इलाके में जनवरी से सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. उन माओवादियों में वांछित नक्सली मिसिर बेसरा भी शामिल है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu