‘आप’ ने कैग की रिपोर्ट के बाद द्वारका एक्सप्रेसवे पर प्रदर्शन किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Aug 2023 09:10 PM
‘आप’ ने कैग की रिपोर्ट के बाद द्वारका एक्सप्रेसवे पर प्रदर्शन किया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) ने भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट आने के बाद यहां निर्माणाधीन द्वारका एक्सप्रेसवे पर बुधवार को प्रदर्शन किया. मीडिया में आई खबरों के मुताबिक ‘भारतमाला परियोजना’ नामक राजमार्ग योजना के पहले चरण को लेकर तैयार कैग की रिपोर्ट में इंगित किया गया है कि कैसे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा हरियाणा में द्वारका एक्सप्रेस-वे के हिस्से को ऊपरगामी पुल के रूप में बनाने के एक फैसले से, इसकी लागत 18.2 करोड़ रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़कर 251 करोड़ रुपये प्रति किलोमीटर हो गई.

‘आप’ की मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ और रीना गुप्ता समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता परियोजना में ”घोटाले” का आरोप लगाते हुए द्वारका एक्सप्रेसवे राजमार्ग के समीप एकत्रित हो गए. कक्कड़ ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”यह बहुत बड़ा घोटाला है कि जिस सड़क के निर्माण के लिए प्रति किलोमीटर 18 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गयी थी, उसे 251 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया. केंद्र सरकार अपने आप को ईमानदार बताती है जबकि सच्चाई यह है कि वे सभी भ्रष्ट हैं. कैग की रिपोर्ट इसे साबित करती है.” ‘आप’ नेता आदिल अहमद खान ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को ”सबसे भ्रष्ट” राजनीतिक संगठन बताया.

उन्होंने दावा किया, ”क्या केंद्र इतने पैसों से सोने की सड़कें बनाने की कोशिश कर रहा है? भाजपा देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी है. इस देश के लोगों ने उसे 2024 के लोकसभा चुनाव में सत्ता से बाहर करने का फैसला कर लिया है.” प्रदर्शन में भाग लेने वाले पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार ने दावा किया कि कैग की रिपोर्ट ने लोगों की आंखें खोल दी है और वे इसे लेकर ”आक्रोशित” हैं.

उन्होंने कहा, ”कैग की रिपोर्ट ने भाजपा का पर्दाफाश कर दिया है और लोगों की आंखें खोल दी है. वे अपनी तथाकथित उपलब्धियों का कितना भी बखान कर लें, लोग अब जानते हैं कि यह सब झूठ है. पूरी पार्टी आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी है.” दिल्ली के मुख्यमंत्री और ‘आप’ सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि नरेन्द्र मोदी नीत सरकार ने ”भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड” तोड़ दिए हैं. हालांकि, सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने एक बयान जारी कर इन आरोपों का खंडन किया और कहा कि ”तथ्यों को गलत तरीके से पेश किया गया है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu