कैग ने सात ‘घोटालों’ को उजागर किया, प्रधानमंत्री को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए: कांग्रेस

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Aug 2023 10:04 PM
कैग ने सात ‘घोटालों’ को उजागर किया, प्रधानमंत्री को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए: कांग्रेस
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बुधवार को दावा किया कि केंद्र सरकार की सात परियोजनाओं में भ्रष्टाचार हुआ है. पार्टी प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने यह भी कहा कि इन ‘घोटालों’ की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए.

कांग्रेस के आरोप पर फिलहाल भारतीय जनता पार्टी की प्रतिक्रिया नहीं आई है, हालांकि पार्टी के आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने ‘द्वारका एक्सप्रेव’ से संबंधित रिपोर्ट को पिछले दिनों भ्रामक करार दिया था. सुप्रिया श्रीनेत ने संवाददाताओं से बातचीत में दावा किया, ” कैग ने मोदी सरकार के 7 घोटालों का पर्दाफाश किया है. यह सब प्रधानमंत्री मोदी की नाक के नीचे हो रहा है.” उन्होंने आरेाप लगाया, ”भारतमाला परियोजना की बिडिंग प्रक्रिया में फर्जीवाड़ा हुआ और लागत 100 प्रतिशत बढ़ा दी गई. द्वारका एक्सप्रेस-वे में भारी धांधली हुई. सड़क बनाने की क.ीमत 18 करोड़ प्रति किलोमीटर से 250 करोड़ रुपये प्रति किलोमीटर पहुंच गई. आयुष्मान भारत में मृत लोगों को जीवित दिखा कर फर्जी भुगतान किया गया. एक ही नंबर से 7.5 लाख लाभार्थियों के जुड़े होने का फर्जीवाड़ा हुआ.”

सुप्रिया ने यह आरोप भी लगाया, ”अयोध्या विकास परियोजना में ठेकेदारों को अनुचित लाभ पहुंचाने का घोटाला हुआ है. टोल नियमों का उल्लंघन कर गलत तरीके से यात्रियों से 132 करोड़ रुपये वसूली की गई है. कैग ने एचएएल (हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड) पर विमान इंजन की डिजाइन-प्रोडक्शन में खामियों का गंभीर आरोप लगाया है. इन खामियों के चलते 159 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है.” सुप्रिया ने दावा किया ग्रामीण विकास मंत्रालय ने वृद्ध, विकलांग और विधवा पेंशन योजनाओं का पैसा अन्य योजनाओं के प्रचार में खर्च कर दिया.

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ”कहीं ऐसा नहीं हो कि कैग को देशविरोधी घोषित कर दिया जाए और इसके खिलाफ सीबीआई और ईडी का इस्तेमाल हो.” कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि इन ‘घोटालों’ की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और प्रधानमंत्री मोदी को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu