प्रयागराज : बहन के साथ छेड़छाड़ का विरोध करने पर चचेरे भाई की पीटकर हत्या

प्रयागराज. जिले के यमुनापार खीरी थाना अंतर्गत परमानंद इंटर कालेज में पढ.ने वाले दसवीं के एक छात्र सत्यम की सोमवार को एक समुदाय विशेष के लोगों ने कथित रूप से पीट पीटकर हत्या कर दी. प्रयागराज के पुलिस आयुक्त रमित शर्मा ने ‘पीटीआई- भाषा’ को बताया कि दो नामजद आरोपियों समेत पांच आरोपियों को मंगलवार को पकड़ लिया गया है और इस घटना को लेकर खीरी थाना के एसएचओ नवीन कुमार सिंह और चौकी प्रभारी को निलंबित किया गया है.

उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर दो नामजद आरोपी- यूसुफ (खीरी गांव के ग्राम प्रधान) और नाबालिग छात्र समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गई थी. प्राथमिकी के मुताबिक स्कूल से छुट्टी के बाद 15 वर्षीय सत्यम अपनी चचेरी बहन के साथ घर वापस आ रहा था और रास्ते में एक समुदाय विशेष के कुछ लोगों ने उसकी बहन के साथ छेड़छाड़ की जिसका विरोध करने पर सत्यम को उन लोगों ने लाठी डंडों से पीटा.

घायल अवस्था में सत्यम को अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. हालांकि पुलिस उपायुक्त (यमुना नगर) संतोष कुमार मीना ने कहा कि परमानंद इंटर कालेज में बच्चों के बीच कुछ विवाद हुआ था जिसे अध्यापकों ने शांत करा दिया था. स्कूल से छुट्टी होने के बाद रास्ते में झगड़ा हुआ जिसमें बच्चे की मौत हो गई.

खीरी क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम कर दिया; लेकिन पुलिस के समझाने बुझाने के बाद लोगों ने रास्ता खाली कर दिया. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.

इस बीच, प्रयागराज के जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने पीड़ित परिवार और गांव में विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि उनकी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग पूरी की गई है. उन्होंने कहा कि मामले की विवेचना युवा और तेज तर्रार पुलिस अधिकारी से कराई जाएगी. आर्थिक सहायता की मांग को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय से बात हो गई है और सरकार सहायता देगी.

खत्री ने दावा किया कि प्रयागराज में जो भी घटना हुई, उसमें हर घटना में जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की. उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में सबसे अधिक संपत्ति कुर्क करने, माफिया की संपत्ति को ध्वस्त करने आदि में प्रयागराज नंबर एक पर है. हालांकि कार्रवाई करने के लिए थोड़ा समय चाहिए होता है. मीना ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम हो गया है और अंत्येष्टि की प्रक्रिया चल रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button