भारत का उदय कई लोगों की आंखों में खटक रहा है: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 31 Aug 2023 08:46 PM
भारत का उदय कई लोगों की आंखों में खटक रहा है: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अडाणी समूह के खिलाफ ताजा आरोपों को लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधे जाने के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कहा कि एक मजबूत राष्ट्र के रूप में भारत का उदय कई लोगों की आंखों में खटक रहा है.

खोजी पत्रकारों के वैश्विक नेटवर्क ‘ऑर्गेनाइजड क्राइम एंड करप्शन रिपोर्टिंग प्रोजेक्ट’ (ओसीसीआरपी) ने अरबपति गौतम अडाणी के समूह पर आरोप लगाया है कि प्रवर्तक परिवार के सहयोगियों द्वारा मॉरीशस स्थित ऐसे निवेश कोष का इस्तेमाल करके समूह की कंपनियों में गुपचुप तरीके से सैकड़ों अरब डॉलर का निवेश किया गया, जिनका कोई अता-पता नहीं है. हालांकि, अडाणी समूह ने इन आरोपों को खारिज कर दिया. इस निवेश की वजह से 2013 से 2018 के दौरान समूह की कंपनियों के शेयरों में जोरदार उछाल आया.

इन दावों का हवाला देते हुए कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा और कहा कि समूह से जुड़ी मुखौटा कंपनियों में ‘भ्रष्टाचार’ व्यापक होता जा रहा है और केवल संयुक्त संसदीय समिति की जांच से ही सच्चाई सामने आ सकती है. इस मुद्दे पर सवालों का जवाब देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि जॉर्ज सोरोस जैसी कुछ ताकतें हैं… भारत, जो कभी एक नरम राष्ट्र हुआ करता था, आज एक मजबूत राष्ट्र के रूप में उभर रहा है. यह कई लोगों की आंखों में खटक रहा है.”

उन्होंने कहा, ”ऐसे आरोपों से निपटने वाली एजेंसियां और संस्थाएं अपना काम करेंगी. मुझे नहीं लगता कि इस मुद्दे पर बिना किसी जानकारी के कोई टिप्पणी की जानी चाहिए.” गौरतलब है कि अमेरिकी वित्तीय शोध एवं निवेश कंपनी हिंडनबर्ग ने जनवरी में अडाणी समूह पर बही-खातों में धोखाधड़ी तथा शेयरों के भाव में गड़बड़ी के साथ विदेशी इकाइयों के अनुचित उपयोग का आरोप लगाया था. इन आरोपों के बाद समूह के शेयरों में बड़ी गिरावट आई थी.

इस बीच, अडाणी समूह ने एक बयान में स्पष्ट रूप से इन आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि इसमें पुराने आरोपों को ही अलग तरीके से दोबारा पेश किया गया है. समूह ने इसे ‘हिंडनबर्ग रिपोर्ट को पुनर्जीवित करने के लिए विदेशी मीडिया के एक वर्ग द्वारा सर्मिथत सोरोस-वित्तपोषित हितों का एक प्रयास’ घोषित किया. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने अडाणी समूह से जुड़ी मुखौटा कंपनियों की भूमिका की उचित जांच में बाजार नियामक सेबी की भूमिका पर सवाल उठाया.

आम आदमी पार्टी ने उच्चतम न्यायालय से ओसीसीआरपी की ‘जांच रिपोर्ट’ पर संज्ञान लेने का आग्रह किया है. पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आरोप लगाया कि सेबी और हिंडनबर्ग रिसर्च रिपोर्ट में अडाणी समूह के खिलाफ आरोपों की जांच के लिए गठित विशेषज्ञ समिति ने शीर्ष अदालत को गुमराह किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि गौतम अडाणी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करीबी मित्र हैं. ओसीसीआरपी खुद को यूरोप, अफ्रीका, एशिया और लैटिन अमेरिका में फैले 24 गैर-लाभकारी खोजी केंद्रों द्वारा गठित एक खोजी रिपोर्टिंग मंच कहता है.

‘मोदीनॉमिक्स’ की वजह से भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है: भाजपा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कहा कि विकास के विभिन्न मानकों से संकेत मिलता है कि ‘मोदीनॉमिक्स’ की वजह से भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है. पार्टी ने भरोसा जताया कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के लिए देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़े लगभग आठ प्रतिशत होने चाहिए.

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद जफर इस्लाम ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ग्रामीण और शहरी मांग में वृद्धि, खपत के तौर-तरीकों, वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रह और विभिन्न अन्य मापदंड भविष्य के लिए ‘बहुत अच्छे संकेत’ देते हैं.

उन्होंने कहा, ”त्योहारों के नजदीक आने के साथ मांग में और वृद्धि होगी. देश की अर्थव्यवस्था काफी बेहतर स्थिति में होगी. विकास की गति भी और बढ़ेगी.” उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आर्थिक दृष्टिकोण ‘मोदीनॉमिक्स’ को दिया. प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के अर्थव्यवस्था के बेहतर प्रबंधन को भाजपा अक्सर ‘मोदीनॉमिक्स’ कहती है.

इस्लाम ने कहा, ”पहली तिमाही के जीडीपी आंकड़े आज आने वाले हैं. मुझे नहीं पता कि आंकड़ा क्या होगा, लेकिन विकास की गति इंगित करती है कि यह लगभग आठ प्रतिशत होगी.” उन्होंने कहा कि आठ प्रतिशत एक ‘शानदार’ आंकड़ा है और यह दिखाता है कि भारत की अर्थव्यवस्था न केवल बढ़ रही है, बल्कि बहुत तेज गति से बढ़ रही है. इस्लाम ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है जबकि चीन सहित अन्य देशों की अर्थव्यवस्था सिकुड़ रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu