धन ऐंठने के लिए नाबालिग लड़की से सामूहिक बलात्कार की झूठी शिकायत, मामला दर्ज…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 05 Sep 2023 12:11 PM
धन ऐंठने के लिए नाबालिग लड़की से सामूहिक बलात्कार की झूठी शिकायत, मामला दर्ज…
ऑडियो सुनें

इंदौर: इंदौर में तीन लोगों से धन ऐंठने के लिए उन्हें नाबालिग लड़की से सामूहिक बलात्कार के झूठे मामले में फंसाने की साजिश का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा किया । इस सिलसिले में दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि 15 साल की लड़की ने सोमवार रात आरोप लगाया था कि शहर के निपानिया क्षेत्र में तीन लोगों ने उसके साथ कार में सामूहिक दुष्कर्म किया और इसके बाद वे उसे शराब की एक दुकान के पास झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अभिषेक आनंद ने बताया, ‘‘जब हमने एक महिला उप निरीक्षक के जरिये लड़की को भरोसे में लेकर बात की, तो इन तीन लोगों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार का उसका आरोप सही नहीं पाया गया।’’ उन्होंने कहा कि लड़की के साथ दो अन्य लोगों ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया था। डीसीपी के मुताबिक, इन्हीं दो लोगों ने लड़की को इस बात के लिए राजी किया था कि वह पुलिस थाने में तीन व्यक्तियों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार की झूठी शिकायत करे ताकि इसके आधार पर उनसे धन ऐंठा जा सके।

आनंद ने बताया कि नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और धन वसूली के लिए आपराधिक साजिश रचने में शामिल दो आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड विधान और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) के संबद्ध प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav