विश्व कप टीम में खल रही है चहल और अर्शदीप की कमी : हरभजन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 07 Sep 2023 07:44 PM
विश्व कप टीम में खल रही है चहल और अर्शदीप की कमी : हरभजन
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत के पूर्व आफ स्पिनर हरभजन सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि आगामी वनडे विश्व कप के लिये चुनी गई 15 सदस्यीय भारतीय टीम में युजवेंद्र चहल और अर्शदीप सिंह की कमी खल रही है . चहल और अर्शदीप को भारतीय टीम में जगह नहीं मिली जिसका ऐलान अजित अगरकर की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने मंगलवार को किया .

हरभजन ने स्टार स्पोटर्स द्वारा कराई गई वर्चुअल प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,” मुझे लगता है कि टीम में दो लोगों की कमी है . युजवेंद्र चहल और अर्शदीप सिंह . बायें हाथ का तेज गेंदबाज होने के नाते वह काफी उपयोगी रहता .” उन्होंने कहा ,”अगर वह शुरूआत में दो विकेट दिला देता . मैं यह नहीं कह रहा कि दाहिने हाथ के गेंदबाज ऐसा नहीं कर सकते लेकिन बायें हाथ के गेंदबाज का सटीक एंगल विकेट दिलाने में मददगार होता है.” आस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क का उदाहरण देते हए उन्होंने कहा ,” आप देख सकते हैं कि शाहीन शाह अफरीदी और मिचेल स्टार्क कितने प्रभावी साबित हो रहे हैं .”

उन्होंने कहा ,”जब आस्ट्रेलिया ने विश्व कप जीता तो मिचेल स्टार्क की अहम भूमिका रही . उन्होंने पहली ही गेंद पर ब्रेंडन मैकुलम को आउट किया . उस रफ्तार के साथ भीतर को आती हुई गेंद हमेशा चुनौतीपूर्ण होती है .” हरभजन ने कहा ,”चहल मैच विनर है . उसने किसी दूसरे स्पिनर से ज्यादा विकेट लिये हैं .वह किसी और देश के लिये खेल रहा होता तो हर समय अंतिम एकादश में होता .”

उन्होंने कहा ,” इतना सब कुछ साबित करने के बाद उसे टीम में होना चाहिये . मैं टीम प्रबंधन का अंग होता तो उसे जरूर चुनता . हम सभी चाहते हैं कि भारतीय क्रिकेट अच्छा करे . विश्व कप में ये खिलाड़ी असरदार होते . भारत को इन दोनों की कमी खलेगी .” हरभजन के अनुसार सूर्यकुमार यादव भारतीय टीम के ‘एक्स फैक्टर’ हो सकते हैं .

उन्होंने कहा ,” सूर्यकुमार पूरा पैकेज है . जिस क्रम पर वह बल्लेबाजी करता है , मुझे नहीं लगता कि भारत में उससे बेहतर उस क्रम के लिये कोई बल्लेबाज है . पांचवें या छठे नंबर पर वह जैसी बल्लेबाजी करता है , मुझे नहीं लगता कि विराट, रोहित या संजू भी कर सकते हैं .” उन्होंने कहा कि विराट और रोहित पर टीम को अच्छी शुरूआत देने की जिम्मेदारी होगी . उन्होंने कहा ,” विराट और रोहित पर बहुत कुछ निर्भर करेगा क्योंकि श्रेयस अभी चोट से लौटा है . ईशान किशन फॉर्म में है . केएल राहुल खेलेगा या नहीं, हमें नहीं पता . हार्दिक पंड्या की भूमिका भी अहम होगी . अगर ये सब मिलकर अच्छा खेल सके तो बेहतरीन होगा .”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu