सिक्किम : बाढ़ में मरने वालों की संख्या हुई 32, लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 08 Oct 2023 07:51 PM
सिक्किम : बाढ़ में मरने वालों की संख्या हुई 32, लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी
ऑडियो सुनें

गंगटोक. सिक्किम में तीस्ता नदी में आई अचानक बाढ़ के मलबे से नौ सैन्य र्किमयों सहित 32 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं जबकि 100 से ज्यादा लापता लोगों की तलाश के लिए खोज अभियान अब भी जारी है. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी.
सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसएसडीएमए) के मुताबिक, बुधवार तड़के बादल फटने से आई अचानक बाढ़ ने 41,870 लोगों को प्रभावित किया है. राज्य के अलग-अलग हिस्सों से अभी तक 2563 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. इतना ही नहीं सिक्किम के ज्यादातर इलाकों का संपर्क दूसरे राज्यों से टूट गया है.

एसएसडीएमए ने बताया कि 122 लापता लोगों की तलाश अब भी जारी है. सिक्किम के पकयोंग जिले में 78, गंगटोक जिले में 23, मंगन में 15 और नामची में छह लोग लापता हैं. अधिकारियों ने बताया कि खोज अभियान में विशेष रडार, ड्रोन और सैन्य कुत्तों को लगाया गया है. उन्होंने बताया कि अभी तक पकयोंग में 21, गंगटोक में छह, मंगन में चार और नामची में एक शव बरामद किया गया है.

अधिकारियों के मुताबिक, सिक्किम की जीवन रेखा माने जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 10 पर सड़कों में दरार आने व तीस्ता नदी पर कई पुल क्षतिग्रस्त होने की वजह से आवाजाही बंद है. उन्होंने बताया कि कि रंगपो और सिंगताम के बीच खंड को खोलने और उसे चौड़ा करने की प्रक्रिया जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu