मोदी सरकार के दौरान छत्तीसगढ़ में नक्सली हमलों की घटनाओं में 52 प्रतिशत कमी आई: अनुराग ठाकुर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 20 Oct 2023 07:08 PM
मोदी सरकार के दौरान छत्तीसगढ़ में नक्सली हमलों की घटनाओं में 52 प्रतिशत कमी आई: अनुराग ठाकुर
ऑडियो सुनें

बीजापुर. केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के दौरान छत्तीसगढ़ में नक्सली हमलों की घटनाओं में 52 प्रतिशत की कमी आई है. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने राज्य में भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा और इसे ‘घोटालों और माफियाओं की सरकार’ कहा. उन्होंने लोगों से राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता में लाने का आग्रह किया.

उन्होंने पूछा कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है तो क्या बीजापुर से एक मंत्री होना चाहिए या नहीं? भाजपा ने अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित बीजापुर सीट से राज्य के पूर्व मंत्री महेश गागड़ा को मैदान में उतारा है. ठाकुर की उपस्थिति में गागड़ा के नामांकन दाखिल करने के बाद यह रैली आयोजित की गई थी. छत्तीसगढ़ की 90 विधानसभा सीटों के लिए सात और 17 नवंबर को दो चरणों में मतदान होना है. नक्सल प्रभावित बीजापुर उन 20 निर्वाचन क्षेत्रों में शामिल है, जहां पहले चरण में मतदान होगा.

ठाकुर ने कहा, ”मोदी जी की सरकार के दौरान छत्तीसगढ़ में नक्सली हमलों की घटनाओं में 52 प्रतिशत की कमी आई है…मोदी सरकार ने बस्तर क्षेत्र के विकास के लिए भी कई कदम उठाए हैं.” उन्होंने कहा, ”लोगों की मांग पर आकाशवाणी के माध्यम से गोंडी और हल्बी बोलियों (बस्तर क्षेत्र में आदिवासियों द्वारा बोली जाने वाली) में समाचार और कार्यक्रम प्रसारित किये जा रहे हैं. बस्तर संभाग के लिए पांच एफएम स्टेशन स्वीकृत किए गए हैं तथा सैकड़ों मोबाइल टावर लगाए गए हैं.”

भाजपा नेता ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ”छत्तीसगढ़ की जनता अब भ्रष्ट सरकार से तंग आ चुकी है, इसे और बर्दाश्त नहीं करेगी. ठाकुर ने इस महीने की शुरुआत में अपनी रायपुर यात्रा के दौरान एक क्यूआर कोड भू-पे जारी किया था, जो उपयोगकर्ताओं को छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार में कथित घोटालों के बारे में जानकारी वाली एक वेबसाइट पर ले जाता है. चुनावों से पहले कांग्रेस सरकार पर निशाना साधने के लिए भाजपा ने यह क्यूआर कोड जारी किया था.

ठाकुर ने कहा, ”कांग्रेस सरकार ने राज्य में घोटाला करने के अलावा कुछ नहीं किया. वे शराब, कोयला, रेत और चावल में घोटाला करते हैं.” उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में लालू प्रसाद यादव ने चारा घोटाला किया, लेकिन छत्तीसगढ़ में बघेल ने गाय के गोबर (खरीद योजना) और चावल (पीडीएस के माध्यम से वितरण) में भ्रष्टाचार किया है. केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”जनता छत्तीसगढ़ को एक बार फिर कांग्रेस का ‘एटीएम’ नहीं बनने देगी.” उन्होंने कहा कि लोग छत्तीसगढ़ में सक्रिय खनन माफिया, शराब माफिया और ट्रांसफर माफिया से छुटकारा पाना चाहते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu