सहायता काफिले को प्रवेश की अनुमति देने के बाद इज़राइल ने गाजा पर हमला किया

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 23 Oct 2023 02:51 PM
सहायता काफिले को प्रवेश की अनुमति देने के बाद इज़राइल ने गाजा पर हमला किया
ऑडियो सुनें

गाजा पट्टी: इजरायली युद्धक विमानों ने सोमवार तड़के पूरे गाजा में जबरदस्त हमला किया। हमले में उस स्थान को भी निशाना बनाया गया जहां फलस्तीनियों को शरण लेने के लिये कहा गया है। सहायता सामग्री लेकर जा रहे एक छोटे काफिले को हमास शासित इलाके में प्रवेश की मंजूरी दिए जाने के बाद ये हमले किए गए ।

हमास द्वारा सात अक्टूबर को दक्षिणी इजरायल में किये गये क्रूर एवं घातक हमलों के बाद, इजराइल अब गाजा में जमीनी हमले करने की व्यापक तैयारी में है। गाजा सीमा पर टैंकों और सैनिकों की भारी तैनाती है, और इज़राइल का कहना है कि उसने अगले चरणों में सैनिकों के लिए जोखिम को कम करने के लिए हवाई हमले बढ़ा दिए हैं।

व्यापक युद्ध की आशंकाएं बढ़ गई हैं क्योंकि हाल के दिनों में इजराइली युद्धक विमानों ने कब्जे वाले वेस्ट बैंक, सीरिया और लेबनान में ठिकानों पर हमला किया है। इजराइल की सेना की लेबनान के उग्रवादी समूह हिजबुल्ला के साथ अक्सर गोलीबारी होती रही है, जिनके पास हजारों की संख्या में रॉकेट है।

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को उत्तरी इज़राइल में सैनिकों से कहा था कि यदि हिजबुल्लाह ने युद्ध शुरू किया तो ‘‘यह उसके जीवन की गलती होगी। “हम उसे इतना जोर का झटका देंगे, जिसकी वह कल्पना भी नहीं कर सकता, और इसके परिणाम उसके और लेबनान (देश) के लिये विनाशकारी होंगे ।’’ इज़राइल में 1,400 से अधिक लोग मारे गए हैं – इनमें से ज्यादातर नागरिक हमास के शुरुआती हमलों में मारे गए थे, जो उसने सात अक्टूबर को अचानक किये थे।

कम से कम 212 लोगों को पकड़ लिया गया और उन्हें घसीटकर वापस गाजा ले जाया गया। मानवीय सहायता की पहली खेप से कुछ घंटे पहले शुक्रवार को दो अमेरिकियों को रिहा कर दिया गया था। हमास संचालित स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, गाजा में 4,600 से अधिक लोग मारे गए हैं, जिसमें एक अस्पताल में हुये विस्फोट से मरने वालों के विवादित आंकड़े भी शामिल हैं।

इज़राइल ने गाजा में सीमित जमीनी हमले किए हैं, और रविवार को हमास ने कहा कि उसने उस क्षेत्र में इजराइल के एक टैंक और दो बख्तरबंद बुलडोजर को नष्ट कर दिया है, जहां 2007 से संगठन का शासन है ।
इज़राइल की सेना ने कहा कि गाजा के अंदर एक हमले के दौरान टैंक रोधी मिसाइल से एक सैनिक की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

सेना ने कहा कि ये हमले सात अक्टूबर के हमास के हमले में अपहृत बंधकों को छुड़ाने के प्रयासों का हिस्सा हैं। हमास को उम्मीद है कि वह बंधकों के बदले में इज़रायल की कैद में बंद फलस्तीनी कैदियों को रिहा करवा सकेगा।
युद्ध की शुरूआत के दौरान इजराइल द्वारा पूर्ण घेराबंदी किए जाने के बाद शनिवार को राहत सामग्री से लदे 20 ट्रक गाजा में दाखिल हुए। इज़राइल ने रविवार को गाजा में 15 ट्रकों के दूसरे काफिले को प्रवेश करने की अनुमति दी।

राहत सामग्री वाले काफिलों ने मिस्र से राफा क्रॉंिसग के माध्यम से गाजा में प्रवेश किया। यही एकमात्र रास्ता है जो इज़राइल द्वारा नियंत्रित नहीं है। इजराइल के अधिकारियों ने रविवार देर रात कहा कि उन्होंने अमेरिका के अनुरोध पर गाजा में सहायता सामग्री की दूसरी खेप भेजने की अनुमति दी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav