कंगना रनौत ने ‘तेजस’ रिलीज होने से पहले अयोध्या स्थित राम मंदिर के किए दर्शन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Oct 2023 09:39 PM
कंगना रनौत ने ‘तेजस’ रिलीज होने से पहले अयोध्या स्थित राम मंदिर के किए दर्शन
ऑडियो सुनें

अयोध्या. अभिनेत्री कंगना रनौत ने अपनी आगामी फिल्म ‘तेजस’ की रिलीज से पहले बृहस्पतिवार को अयोध्या स्थित राम मंदिर के दर्शन किए और कहा कि यह मंदिर ”हिंदुओं के लिए सबसे बड़ा पवित्र तीर्थ स्थल” बनेगा. अभिनेत्री ने कहा कि इस मंदिर की ‘तेजस’ में अहम भूमिका है. यह फिल्म शुक्रवार को रिलीज होगी. फिल्म में रनौत भारतीय वायुसेना की पायलट की भूमिका निभा रही हैं. ‘तेजस’ के निर्देशक एवं लेखक सर्वेश मेवाड़ा हैं.

रनौत ने यहां संवाददाताओं से कहा, ”ईसाइयों के लिए वेटिकन सिटी का जो महत्व है, वैसे ही अयोध्या का राम मंदिर हिंदुओं के लिए सबसे बड़ा पवित्र तीर्थ स्थान बनेगा. हम इसे इतना भव्य मंदिर बनते देखेंगे, जिसकी कामना हिंदू सदियों से करते रहे हैं. यह हमारे देश का भव्य प्रतीक और विश्व में सनातन संस्कृति की सुन्दर कड़ी बनेगा.”

उन्होंने कहा, ”हमारी फिल्म ‘तेजस’ में भी इस मंदिर की अहम भूमिका है. यह फिल्म भारतीय वायुसेना पर आधारित है और हम (इसके रिलीज होने से पहले आशीर्वाद लेने) यहां आए हैं.” रनौत (36) ने मंदिर में दर्शन की अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया मंच  ‘इंस्टाग्राम’ पर भी साझा की. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का निमंत्रण बुधवार को स्वीकार किया. यह समारोह 22 जनवरी को होने की उम्मीद है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu