सत्ता में बने रहने के लिए कांग्रेस ने हमेशा ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति अपनाई: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 09 Nov 2023 08:39 PM
सत्ता में बने रहने के लिए कांग्रेस ने हमेशा ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति अपनाई: प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

नीमच/जयपुर/छतरपुर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में बने रहने के लिए हमेशा ”फूट डालो और राज करो” की नीति अपनाई. उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार में नए रिकॉर्ड बनाने और विपक्षी दल पर उन विदेशी तत्वों के साथ खड़े होने का आरोप लगाया, जो खुलेआम भारत के खिलाफ साजिश रचते हैं.

मोदी ने दावा किया कि देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी के लिए भगवान राम एक ”काल्पनिक” चरित्र हैं. मध्य प्रदेश के मालवा-निमाड़ क्षेत्र के नीमच जिले में भाजपा के समर्थन में एक रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ”कांग्रेस ने हमेशा देश के लिए समस्याएं पैदा की हैं और उसके पास इनका कोई समाधान नहीं है. उसने ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति अपनाकर देश पर शासन किया.” राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए 17 नवंबर को मतदान होगा.

महात्मा गांधी का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि राष्ट्रपिता इस बात पर जोर देते थे कि शासन में ईमानदारी और नैतिकता शामिल होनी चाहिए तथा उन्होंने देश में ”राम राज्य” (आदर्श शासन) की परिकल्पना की थी. प्रधानमंत्री ने कहा, ”लेकिन, एक तरफ कांग्रेस ने ‘भ्रष्टाचार का किला’ बनाया है और दूसरी तरफ भगवान राम को एक काल्पनिक चरित्र घोषित कर दिया है.” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दुनिया भर के देशों में भारत का कद बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस को यह वैश्विक उत्थान अच्छा नहीं लगता.

मोदी ने लोगों से कहा, ”यह (वैश्विक उत्थान) आपके कारण हो रहा है, जिन्होंने भाजपा सरकार बनाई जो कड़े और बड़े फैसले लेती है. यही बात कांग्रेस पिछले 10 साल से पचा नहीं पा रही है.” प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें दिन-रात अपशब्द कहने वाली कांग्रेस हैरान है कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि कैसे बदल रही है.

उन्होंने कहा, ”यह (दुनिया में भारत की बढ़ती ताकत) ही कांग्रेस को परेशान कर रही है. इसलिए कांग्रेस देश में अस्थिरता और अराजकता फैलाना चाहती है. इसके लिए, कांग्रेस ने गुप्त समझौते किए हैं. कांग्रेस अब भारत के खिलाफ खुलेआम साजिश रचने वाले विदेशियों के साथ खड़ी नजर आ रही है. मध्य प्रदेश के लोगों को कांग्रेस से बहुत सावधान रहना होगा.” मोदी ने कहा कि सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस के पास देश की समस्याओं का कोई समाधान नहीं है.

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस के कारण देश की समस्याएं और अधिक गंभीर हो गई हैं, खासकर गरीबों से जुड़ी लूट. इसके (कांग्रेस) एक प्रधानमंत्री ने एक बार स्वीकार किया था कि केंद्र से भेजे गए एक रुपये में से केवल 15 पैसे ही लाभार्थी तक पहुंचते हैं.” प्रधानमंत्री ने पूछा, ”लेकिन ये 85 पैसे कौन लूट रहा था? यह पंजा (हाथ) था.” मोदी ने स्पष्ट रूप से कांग्रेस के चुनाव चिह्न ‘हाथ’ का जिक्र करते हुए यह टिप्पणी की.

उन्होंने कहा, ”हालांकि, भाजपा ने मोबाइल, आधार और बैंक खाते (जन धन) की त्रिमूर्ति बनाकर कल्याणकारी योजनाओं की आपूर्ति में सेंधमारी को रोकने का समाधान ढूंढ़ लिया है.” मोदी ने कहा कि केंद्र ने बिचौलियों को दरकिनार करते हुए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में 2.60 लाख करोड़ रुपये हस्तांतरित किए हैं. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासन के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत केवल 6,000 घरों को मंजूरी दी गई थी, जबकि भाजपा की ‘डबल इंजन’ सरकार ने मध्य प्रदेश में योजना के तहत 10 लाख घरों के निर्माण को मंजूरी दी.

कांग्रेस सरकार की तुष्टिकरण की नीति ने राजस्थान के गौरव को खतरे में डाला: मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भ्रष्टाचार एवं कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर बृहस्पतिवार को राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा और कहा कि उसकी तुष्टिकरण की नीति ने राज्य के गौरव को खतरे में डाल दिया है. इसके साथ ही मोदी ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर बड़े से बड़े भ्रष्टाचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. वह बृहस्पतिवार की शाम (बलिचा) उदयपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे.

उन्होंने कहा,”कांग्रेस की सरकार में राजस्थान के लोगों के साथ मानवता को शर्मसार करने वाली वारदातें हो रही हैं. उदयपुर में कन्हैयालाल जी के साथ आतंकी घटना कांग्रेस सरकार पर बहुत बड़ा दाग है. ऐसी जघन्य वारदात उदयपुर में इसलिए हुई क्योंकि यहां आतंकियों के साथ सहानुभूति रखने वाली कांग्रेस की सरकार है.” मोदी ने कहा,”कांग्रेस सरकार की तुष्टिकरण की नीति ने राजस्थान की संस्कृति, विरासत और गौरव को खतरे में डाल दिया है.”

उन्होंने कहा,”आतंकियों की हमदर्द कांग्रेस सरकार राजस्थान को तबाह करके मानेगी. कांग्रेस सरकार, महिलाओं के खिलाफ अपराध को काबू कर पाने में पूरी तरह नकारा साबित हुई है.” प्रधानमंत्री ने कहा,”कांग्रेस ने राजस्थान के पांच साल बर्बाद किए हैं. पांच साल तक राजस्थान की सरकार इसी में उलझी रही कि कुर्सी पर कौन बैठेगा. कुर्सी की इस लड़ाई में कांग्रेस ने जनता के मुद्दों की परवाह नहीं की.” मोदी ने कहा,”कांग्रेस का एक ही एजेंडा है- राजस्थान को लूटो…अपनी तिजोरी भरो. भ्रष्टाचार कांग्रेस के लिए हवा-पानी की तरह है, उसके बगैर कांग्रेस का काम नहीं चल सकता. राजस्थान में कांग्रेस के नेता खुद कह रहे हैं कि यहां ऐसी लूट मची है, जैसी देश में कहीं और नहीं है.”

राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर भ्रष्टाचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात करते हुए मोदी ने कहा,”किसी ने कहा था कि राजस्थान में छोटी मछलियों को ही पकड़ा जाता है, बड़ी मछलियों पर कार्रवाई नहीं होती. मैं ऐसे लोगों को कहूंगा- राजस्थान में छोटी-बड़ी हर मछली पर कार्रवाई होगी. सिर्फ मछली ही नहीं, जनता को लूटने वाले बड़े मगरमच्छ भी छोड़े नहीं जाएंगे.” उन्होंने कहा,”राजस्थान से भाजपा गुंडाराज और अपराध पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है.” सभा को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी एवं अन्य पार्टी नेताओं ने भी संबोधित किया. राज्य की 200 विधानसभा सीट पर 25 नवंबर को मतदान होगा, वोटों की गिनती तीन दिसंबर को होगी.

देश की प्रगति को रिवर्स गियर में ले जाने में माहिर है कांग्रेस, सालों तक सत्ता के लिए ‘तरसाएं’ उसे: मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस को देश की प्रगति को रिवर्स गियर में ले जाने के लिए माहिर बताते हुए लोगों से उसे कम से कम 100 साल के लिए सत्ता से ‘ तरसाने’ का आह्वान किया. वह 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा शासित मध्य प्रदेश के छतरपुर में एक रैली में बोल रहे थे.

लोगों को कांग्रेस के जाल में न फंसने की चेतावनी देते हुए उन्होंने ने कहा,” जिस तरह रिवर्स गियर में गाड़ी हमें पीछे ले जाती है, उसी तरह कांग्रेस भी रिवर्स गियर में माहिर है और अच्छे शासन को बुरे शासन में बदलने में माहिर है.” मोदी ने कहा कि जब कांग्रेस मध्य प्रदेश में सत्ता में थी, तब उसने लगभग 100 वर्ष पहले जल स्रोतों की समृद्ध विरासत वाले बुन्देलखण्ड की जल समस्याओं का हल करने के लिए कुछ नहीं किया और वहां के लोग लंबे समय तक पानी की एक बूंद के लिए भी ‘ तरसते ‘ रहे.

उन्होंने मतदाताओं से आह्वान किया कि वे भी कांग्रेस को कम से कम 100 साल के लिए सत्ता से ‘ तरसा दें’ तब इनका दिमाग ठिकाने आयेगा. मोदी ने कहा कि गुलामी की मानसिकता से भरी कांग्रेस को न तो देश का विकास समझ आया और न ही देश की विरासत से उसका कोई लेना-देना है.

उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि कोरोना वायरस काल में गरीबों के बच्चों को भूखा नहीं सोना पड़ा, लेकिन इसका श्रेय मोदी को नहीं, बल्कि आप सभी को जाता है, क्योंकि ये आपके वोट की ताकत थी जिसके कारण मोदी गरीबों को खाना खिला सका.
छतरपुर जिले के खजुराहो में हुई जी-20 बैठकों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार होती तो उसके लिए पूरा देश दिल्ली से ‘शुरू होता और दिल्ली में खत्म होता है.

प्रधानमंत्री ने कहा, ”दिल्ली में योजनाओं की घोषणा होती थी. बड़े-बड़े विदेशी नेता दिल्ली आते थे. दिल्ली में बड़े-बड़े कार्यक्रम होते थे….कांग्रेस नेता जब भी अपने विदेशी दोस्तों को दिल्ली से बाहर ले जाते थे तो उन्हें भारत की गरीबी दिखाते थे. चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए कांग्रेस नेताओं के लिए गरीब पर्यटन का विषय बन गये थे.”

उन्होंने कहा, “मोदी झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले भाई-बहनों को पक्का मकान दे रहा है, जबकि कांग्रेस नेता उनके साथ फोटो खिंचवाकर लौट आते हैं. मोदी एक गरीब परिवार के बेटा है. उन कुपोषित बच्चों की देखभाल कर रहा है जिनके साथ ये सजे-धजे कांग्रेसी फोटो खिंचवाते थे. मोदी उन गरीबों को मुफ्त राशन मुहैया करा है जिनके साथ बैठकर वे फोटो और वीडियो सेशन के लिए खाना खाते थे और दिल्ली लौटने के बाद उन्हें भूल जाते थे.” प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण रोकने के लिए भगवान राम को काल्पनिक चरित्र बताया.

उन्होंने कहा ,” कांग्रेस ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने का भी विरोध किया था. उसने देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति का भी विरोध किया था. वह भारतीय भाषाओं में मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ.ाई का भी विरोध करती है.” मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए स्वार्थ सर्वोपरि है, भले ही उसके लिए देश को भुगतान करना पड़े. उन्होंने कांग्रेस पर महिला आरक्षण विधेयक को लंबे समय तक दबाए रखने, ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा नहीं देने और तीन तलाक निषेध कानून का विरोध करने का आरोप भी लगाया.

प्रधानमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकारों ने कल्याणकारी योजनाओं में तब तक देरी की या उन्हें बंद कर दिया जब तक कि पार्टी नेताओं के खजाने नहीं भर गए. उन्होंने कहा, “ऐसी कई परियोजनाएं हैं जिन्हें अब भाजपा सरकार पूरा कर रही है. कांग्रेस को किसानों के खेतों की नहीं बल्कि अपनी वोट की फसल की चिंता है.” मोदी ने विपक्षी दल पर मुफ्त बिजली जैसी बड़ी चुनावी घोषणाएं करके मीठा जहर देने का भी आरोप लगाया.

उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस सूरज और चाँद लाने का वादा करती है तो आपको समझ जाना चाहिए कि कुछ गड़बड़ है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस जब भी बड़े-बड़े वादे करती है तो मान लीजिए कि वह मीठा जहर देने की तैयारी में है, ऐसा कई राज्यों में हुआ है. मोदी ने कहा, ” एक राज्य में, कांग्रेस ने मुफ्त बिजली का वादा किया था और लोगों ने कांग्रेस पर भरोसा किया, लेकिन जैसे ही सरकार बनी, उसने बिजली की कीमतें बढ.ाना शुरू कर दिया. भीषण बिजली कटौती हुई, नतीजा यह हुआ कि उद्योग-धंधे चौपट हो गये और लोगों की नौकरियां छूटने लगीं. अब गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाएं एक-एक कर बंद की जा रही हैं.”

प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को जहां भी सत्ता मिलती है, वह विनाश ही लाती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास एक ‘पंजा’ (हाथ, पार्टी का चुनाव चिन्ह) है जिसका उपयोग केवल गरीबों से चीजें छीनने के लिए किया जाता है. उन्होंने कहा,” हमें कांग्रेस के पंजे से खुद को और मध्य प्रदेश को बचाना है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu