केरल कांग्रेस के पूर्व महासचिव को अपराध की आय अदरक की खेती के जरिये मिली: ईडी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 10 Nov 2023 08:39 PM
केरल कांग्रेस के पूर्व महासचिव को अपराध की आय अदरक की खेती के जरिये मिली: ईडी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के पूर्व महासचिव के. के. अब्राहम को अपने कथित सहयोगी एवं केरल के एक सहकारी बैंक ऋण धोखाधड़ी के आरोपी के साथ मिलकर की जा रही अदरक की खेती से “लाभ का हिस्सा” मिला. प्रवर्तन निदेशालय ने शुक्रवार को दावा किया. अब्राहम को संघीय जांच एजेंसी ने सात नवंबर को केरल में गिरफ्तार किया था. यह मामला वायनाड जिले के पुलपल्ली स्थित पुलपल्ली र्सिवस कोआपरेटिव बैंक में 5.62 करोड़ रुपये की कथित ऋण धोखाधड़ी से संबंधित है.

ईडी द्वारा धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज किया गया आपराधिक मामला बैंक के शासी निकाय के सदस्यों और अधिकारियों के खिलाफ केरल सतर्कता और भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (वीएसीबी) की एक प्राथमिकी से उपजा है. केंद्रीय एजेंसी ने आरोप लगाया कि अब्राहम ”अध्यक्ष के रूप में बैंक के समग्र प्रभारी थे जिन्होंने आवेदकों की संपत्तियों का अधिक मूल्यांकन करके विभिन्न ऋणों को मंजूरी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.”

एजेंसी ने एक बयान में कहा कि ईडी की जांच में पाया गया कि बैंक अधिकारियों और उसके शासी निकाय के सदस्यों ने ऋण आवेदकों की सहमति और जानकारी के बिना संपत्तियों का “अधिक मूल्यांकन” करके “बढ़ा हुआ” ऋण स्वीकृत किया और उसे एस. कोल्लाप्पल्लिल (एक निजी व्यक्ति) को दे दिया.” एजेंसी ने कहा कि आवेदकों द्वारा ऋण का पुनर्भुगतान नहीं किया गया और इस तरह पुलपल्ली र्सिवस कोआपरेटिव बैंक को कुल 5.62 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ.

ईडी ने कहा कि अधिक मूल्यांकित ऋण के रूप में अपराध की आय, सहकारी बैंक में कोल्लाप्पल्लिल के बैंक खाते में जमा की गई और बाद में “नकद में निकाल ली गई.” ईडी ने दावा किया, “कोल्लाप्पल्लिल ने अपराध की उक्त आय का उपयोग कर्नाटक में अदरक की खेती के लिए किया, जिसमें के के अब्राहम ने बिना किसी निवेश के 10 प्रतिशत लाभ साझा करने पर सहमति जतायी.” इसमें आरोप लगाया गया है कि अब्राहम के बैंक खाते में अस्पष्ट नकदी जमा और कोल्लाप्पल्लिल के खाते से अब्राहम के बैंक खाते में धन का अंतरण पाया गया है.

ईडी ने कहा कि अब्राहम ने अपराध की आय प्राप्त करने और उसका उपयोग करने में कोल्लाप्पल्लिल की “जानबूझकर सहायता की” और इस तरह पीएमएलए के तहत धनशोधन का अपराध किया. कोल्लाप्पल्लिल को ईडी ने सितंबर में गिरफ्तार किया था और वह फिलहाल न्यायिक हिरासत में है. ईडी की कार्रवाई से पहले, अब्राहम को एक बुजुर्ग दंपति द्वारा दायर धोखाधड़ी की शिकायत के बाद केरल पुलिस की सतर्कता शाखा ने गिरफ्तार किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu