दिल्ली में सम-विषम योजना लागू नहीं होगी : राय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 10 Nov 2023 08:51 PM
दिल्ली में सम-विषम योजना लागू नहीं होगी : राय
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को कहा कि नगर में 13 नवंबर से 20 नवंबर तक प्रस्तावित वाहनों की सम-विषम योजना को स्थगित कर दिया गया है क्योंकि बारिश के कारण यहां की वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. राय ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार दिवाली के बाद वायु गुणवत्ता की स्थिति की समीक्षा करेगी और वायु गुणवत्ता में अचानक गिरावट होने की स्थिति में सम-विषम योजना पर फैसला किया जा सकता है.

इससे पहले, राय ने कहा था कि उच्चतम न्यायालय द्वारा इसकी प्रभावशीलता की समीक्षा करने और आदेश जारी करने के बाद इस योजना को शहर में लागू किया जाएगा. सर्वोच्च अदालत ने मंगलवार को वाहन प्रदूषण को रोकने के उद्देश्य से दिल्ली सरकार की सम-विषम योजना की प्रभावशीलता पर सवाल उठाया था. राय ने दिवाली के बाद हवा की गुणवत्ता में और गिरावट की आशंका जताते हुए सोमवार को घोषणा की थी कि यह योजना 13 नवंबर से 20 नवंबर के बीच लागू की जाएगी.

राय ने प्रदूषण फैलाने वाले ट्रकों के दिल्ली में प्रवेश पर प्रतिबंध के, छोटे प्रवेश स्थानों पर कार्यान्वयन में लापरवाही पर चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि सरकार दिल्ली यातायात आयुक्त को पत्र लिखकर ऐसी खामियों को दूर करने का अनुरोध करेगी. उन्होंने कहा कि वह उत्तर प्रदेश और हरियाणा के परिवहन मंत्रियों को पत्र लिखेंगे और उनसे राजधानी की सीमाओं पर जाम से बचने के लिए गैर-जरूरी सामानों की ढुलाई करने वाले ट्रकों को एक्सप्रेसवे पर डायवर्ट करने का निर्देश देने की अपील करेंगे.

शुक्रवार को बारिश होने से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में तेजी से सुधार हुआ और 10 दिनों से अधिक समय से जारी प्रदूषण से राहत मिली. दोपहर दो बजे, दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 302 था जो “बहुत खराब” श्रेणी में आता है. शुक्रवार को सुबह नौ बजे यह 376 और सुबह सात बजे 408 था. कल रात 11 बजे यह 460 था.

हवा की गति अनुकूल रहने के कारण वायु गुणवत्ता में और सुधार होने की उम्मीद है. किसी भी समय वायु गुणवत्ता सूचकांक पिछले 24 घंटों के आंकड़ों का औसत है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा कि दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला के अनुसार सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में छह मिमी बारिश दर्ज की और सुबह 8.30 से 11.30 बजे के बीच 2.2 मिमी बारिश हुई.

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में हल्की बारिश हुई. आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है.

इससे पहले, आईएमडी ने हल्की बारिश सहित अनुकूल परिस्थितियों के कारण दिवाली से ठीक पहले हवा की गुणवत्ता में मामूली सुधार का अनुमान जाहिर किया था. श्रीवास्तव ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजर जाने के बाद 11 नवंबर को हवा की गति बढ़कर लगभग 15 किलोमीटर प्रति घंटे हो जाएगी, जिससे दिवाली (12 नवंबर) से पहले प्रदूषक तत्वों के छितराने में मदद मिलेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu