कचरा बीनने वाले व्यक्ति को मिले अमेरिकी डॉलर नकली निकले: पुलिस

बेंगलुरु. बेंगलुरु में एक रेलवे स्टेशन के समीप कचरा बीनने वाले एक व्यक्ति को मिले अमेरिकी डॉलर नकली निकले हैं. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक निष्कर्षों के आधार पर हेब्बल थाने में भादंसं की धारा 489 ए (करेंसी नोट की जालसाजी)के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसकी जांच चल रही है.

उन्होंने कहा, ” इन नोट की प्रामाणिकता की जांच के लिए भारतीय रिजर्व बैंक ने एचडीएफसी बैंक को नोडल बैंक नियुक्त किया था, जिसने उन्हें नकली पाया. इन नोट को या तो छापा गया था या उनकी फोटोकॉपी की गयी थी.” पुलिस के अनुसार, कचरा बीनने वाले एक व्यक्ति को तीन नवंबर को कागज में लिपटे 23 बंडल मिले थे और हर बंडल में 100 डॉलर के 100 नोट थे. पुलिस ने बताया कि उसके बाद इस व्यक्ति ने अपने मालिक को सूचना दी, जिसने एक सामाजिक कार्यकर्ता से संपर्क किया. पुलिस ने बताया कि सामाजिक कार्यकर्ता ने बाद में बेंगलुरु सिटी के पुलिस आयुक्त बी दयानंद को सूचित किया और उन्हें ये नोट सौंप दिये, जिसके पश्चात इस पूरे प्रकरण की जांच शुरू की गयी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button