कृषि मंत्री के बेटे का कथित वीडियो जारी करने के पीछे कांग्रेस की साजिश : विजयवर्गीय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 15 Nov 2023 07:35 PM
कृषि मंत्री के बेटे का कथित वीडियो जारी करने के पीछे कांग्रेस की साजिश : विजयवर्गीय
ऑडियो सुनें

इंदौर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने बुधवार को दावा किया कि केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे की कथित वीडियो कांग्रेस के षड़यंत्र के तहत जारी किए गए हैं. विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस के ऐसे कथित हथकंडों से सूबे में 17 नवंबर (शुक्रवार) को होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा की संभावनाओं पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा और खुद तोमर भी “आराम से” चुनाव जीतेंगे.

सिलसिलेवार तौर पर सामने आए कथित वीडियो को लेकर कांग्रेस का आरोप है कि इनमें तोमर का बेटा करोड़ों रुपये के वित्तीय लेन-देन को लेकर एक व्यक्ति से चर्चा कर रहा है. कांग्रेस ने मांग की है कि सरकारी एजेंसियों को इस मामले की जांच करनी चाहिए. तोमर के बेटे के कथित वीडियो के बारे में पूछे जाने पर विजयवर्गीय ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा, ”यह वीडियो कनाडा से जारी हुआ जहां भारत के विरोध में सबसे ज्यादा नारे लगते हैं. यह कांग्रेस का षड़यंत्र है जिसके जरिये वह ऐन चुनावों के वक्त भाजपा को बदनाम करना चाहती है और व्यक्तिगत चरित्र हनन करना चाहती है.”

उन्होंने कहा कि विस्तृत छानबीन पर कथित वीडियो के पीछे कांग्रेस की साजिश पूरी तरह बेनकाब हो जाएगी. भाजपा महासचिव ने कहा कि तोमर पार्षद पद से शुरुआत करके केंद्रीय मंत्री के ओहदे तक पहुंचे हैं और उनका राजनीतिक जीवन “बड़ा पारदर्शी” रहा है. विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस की “नकारात्मक राजनीति” के परिचायक कथित वीडियो से भाजपा की चुनावी संभावनाओं पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा और मुरैना जिले की दिमनी विधानसभा सीट से मैदान में उतरे तोमर भी ”आराम से” चुनाव जीतेंगे. उन्होंने दावा किया कि 230 सीटों पर होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा दो तिहाई बहुमत हासिल करके सूबे की सत्ता में बरकरार रहेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu