नयी दिल्ली. द्रमुक सांसद डीएनवी सेंथिल कुमार ने अपनी एक विवादित टिप्पणी के लिए बुधवार को लोकसभा में खेद जताया और अपने बयान को वापस लेने की घोषणा की. उन्होंने सदन में शून्यकाल के दौरान कहा, ”मेरे द्वारा कल दिए गए बयान से सदस्यों और जनता के किसी वर्ग की भावनाएं आहत हुई हैं तो मैं उस बयान को वापस लेता हूं. मैं आग्रह करता हूं कि उसे कार्यवाही से हटाया जाए. मैं खेद जताता हूं.”
पीठासीन सभापति किरीट सोलंकी ने कहा, ” बयान को पहले ही कार्यवाही से हटा दिया गया है और आपने खेद जता दिया है, मामला खत्म हो गया.” इससे पहले सदन में द्रमुक के नेता टी आर बालू ने कहा कि पार्टी सांसद सेंथिल कुमार ने कल जो बयान दिया था, वह सही नहीं था और पार्टी नेता तथा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने इस बयान को गंभीरता से लिया है और सांसद को चेतावनी भी दी है.
सेंथिल कुमार ने मंगलवार को सदन में जम्मू कश्मीर से संबंधित विधेयकों पर चर्चा के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए हिंदी भाषी राज्यों के लिए अपमानजनक टिप्पणी की थी. हालांकि, बाद में उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने बयान के लिए माफी मांग ली थी.
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा था, ”हाल में पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के परिणामों पर टिप्पणी करते हुए मैंने अनुचित तरीके से एक शब्द का इस्तेमाल किया था. उस शब्द को इस्तेमाल करने की कोई मंशा नहीं थी और मैं इससे गलत संदेश जाने पर माफी मांगता हूं.” इससे पहले आज सुबह प्रश्नकाल के दौरान इस मुद्दे पर कार्यवाही करीब 18 मिनट के लिए स्थगित की गई.
प्रश्नकाल में जब बालू अपना पूरक प्रश्न पूछने के लिए खड़े हुए तो केंद्रीय उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री पीयूष गोयल ने सेंथिल कुमार के बयान का मुद्दा उठाया और द्रमुक से माफी की मांग की.
उन्होंने कहा, ”यह नहीं चल सकता कि कोई भी सदस्य यहां कुछ भी बोलकर चले जाएं. पहले उन्हें माफी मांगनी होगी.” संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि देश को उत्तर और दक्षिण में बांटने का प्रयास किया जा रहा है. भाजपा के अन्य सदस्य पर द्रमुक से माफी की मांग करने लगे.
दोनों पक्षों की ओर से हंगामा होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कार्यवाही करीब 11.42 बजे दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी. दोपहर 12 बजे कार्यवाही पुन: शुरू होने पर संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने माफी की मांग करते हुए कहा कि क्या द्रमुक नेता बालू और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी इन बयानों से सहमत हैं?