नयी दिल्ली. कनाडा ने अपनी धरती पर एक खालिस्तानी आतंकवादी की हत्या मामले में संभावित भारतीय संबंध के आरोपों को लेकर कोई ‘विशिष्ट और प्रासंगिक सूचना’ साझा नहीं की है. सरकार ने शुक्रवार को इस बारे में संसद को सूचित किया. विदेश राज्य मंत्री वी. मुरलीधरन ने लोकसभा में कहा कि सरकार ने कनाडा को उस देश में भारत विरोधी तत्वों की गतिविधियों पर अपनी ‘चिंताओं’ से अवगत कराया है और ओटावा से ऐसे तत्वों को पनाह नहीं देने के अलावा उनके खिलाफ कार्रवाई करने का अनुरोध किया है.
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार ने कनाडा में ‘हिंसा के किसी भी कृत्य’ में शामिल होने के आरोपों को खारिज कर दिया है. कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने 18 जून को कनाडाई धरती पर खालिस्तानी चरमपंथी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंटों की ‘संभावित’ संलिप्तता का सनसनीखेज आरोप लगाया था. भारत ने आरोपों को दृढ़ता से खारिज कर दिया है.