संजय राउत ने 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस को किया आगाह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 10 Dec 2023 06:30 PM
संजय राउत ने 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस को किया आगाह
ऑडियो सुनें

मुंबई. शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत ने रविवार को कांग्रेस को आगाह करते हुए कहा कि अगर गांधी परिवार के नजदीकी लोग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अनुकूल राजनीति करते रहेंगे तो देश की सबसे पुरानी पार्टी को 2024 के लोकसभा चुनाव में और मुश्किल का सामना करना पड़ेगा. पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ में प्रकाशित साप्ताहिक स्तंभ ‘रोखठोक’ में राउत ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) संबंधी आशंका को उठाने का आह्वान किया.

उन्होंने दावा किया कि मध्य प्रदेश में जब मतपत्र (डाक मतपत्र) की गिनती हो रही थी तब कांग्रेस 199 सीट पर आगे चल थी लेकिन ईवीएम से गिनती शुरू होने के साथ ही परिस्थिति बदल गई. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हाल में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ. और राजस्थान विधानसभा चुनाव जीत दर्ज की है जबकि कांग्रेस तेलंगाना में विजयी रही. इन राज्यों में विधानसभा चुनाव के नतीजे तीन दिसंबर को घोषित किए गए.

कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ का संदर्भ देते हुए राउत ने कहा, ”अगर गांधी परिवार के आसपास के लोग मोदी तथा शाह (केंद्रीय मंत्री अमित शाह) के अनुकूल राजनीति करेंगे तो 2024 में और खतरा होगा.” कमलनाथ ने मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के चुनाव प्रचार अभियान का नेतृत्व किया था. उन्होंने कहा कि मोदी का ‘जादू’ तीन राज्यों में काम आया लेकिन यह तेलंगाना में नहीं चला.

राज्यसभा सदस्य राउत ने कहा कि यह भ्रम है कि कांग्रेस मोदी को हरा नहीं सकती. उन्होंने 2018 के विधानसभा चुनाव का संदर्भ देते हुए कहा कि कांग्रेस ने पूर्व में मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ. में भाजपा को हराया है. राउत ने कहा कि राजस्थान और मध्य प्रदेश के निवर्तमान मुख्यमंत्री क्रमश: अशोक गहलोत और भूपेश बघेल ने मुकाबला किया लेकिन इसके बावजूद दोनों राज्यों में कांग्रेस की हार हुई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu