भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई है ‘मोदी की गारंटी’: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 12 Dec 2023 10:02 PM
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई है ‘मोदी की गारंटी’: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने ‘भ्रष्टाचार की बीमारी’ फैला दी है जिसके खिलाफ न केवल सरकार को बल्कि लोगों को भी आंदोलन शुरू करना होगा. केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता किरण रीजीजू ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद), तृणमूल कांग्रेस और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सहित कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के नेताओं के खिलाफ कथित घोटालों और भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों का जिक्र किया.

रीजीजू ने कहा, ”कांग्रेस और उसके मित्रों ने भ्रष्टाचार की ऐसी बीमारी फैला दी है जिसके खिलाफ न केवल सरकार को बल्कि देश के लोगों को भी आंदोलन शुरू करना होगा.” उन्होंने कहा, ”कांग्रेस के ‘भ्रष्टाचार की दुकान’ को बंद किया जाना चाहिए और इसके लिए कड़ी कार्रवाई की जा रही है. भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई मोदी की गारंटी है. जांच एजेंसियों को (भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए) खुली छूट दी गई है. वे रुकने वाले नहीं हैं.”

झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू से जुड़ी एक डिस्टिलरी कंपनी से आयकर विभाग द्वारा भारी मात्रा में नकदी बरामद किए जाने के बाद भाजपा ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस पर हमला तेज कर दिया है. आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया था कि कांग्रेस सांसद के परिवार के स्वामित्व वाली ओडिशा स्थित बौध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ आयकर विभाग की छापेमारी में 351 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई है और यह देश में किसी भी जांच एजेंसी द्वारा एक कार्रवाई में अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है.

भ्रष्टाचार पर मोदी का कांग्रेस पर तंज, जब देश में कांग्रेस है तो ‘मनी हाइस्ट’ कथा की जरूरत किसे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस सांसद धीरज प्रसाद साहू से जुड़े परिसरों से 350 करोड़ रुपये से अधिक की बरामदगी के मुद्दे पर मंगलवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और इसके लिए एक लोकप्रिय क्राइम सीरिज का हवाला दिया. प्रधानमंत्री की यह प्रतिक्रिया भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किए गए उस वीडियो के जवाब में आई है, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ साहू की तस्वीरें और झारखंड के सांसद से जुड़े परिसरों पर आयकर छापे के दौरान बरामद नकदी के ढेर दिखाई दे रहे है. वीडियो में राहुल गांधी को नोटों के ढेर पर लेटे दिखाया गया है.

भाजपा ने वीडियो के साथ लिखा ‘कांग्रेस प्रस्तुत करती है मनी हाइस्ट’ जबकि पृष्ठभूमि में क्राइम सीरिज का लोकप्रिय शीर्षक गीत बज रहा है. ‘मनी हाइस्ट’ एक स्पेनिश ड्रामा सीरिज है जिसकी कहानी के केंद्र में डकैती है. प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा, ”भारत में ‘मनी हाइस्ट’ कथा की जरूरत किसे है, जब आपके पास कांग्रेस पार्टी है. कांग्रेस की डकैतियां 70 वर्षों से प्रसिद्ध हैं और अभी भी जारी हैं.”

आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया था कि कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य साहू के परिवार के स्वामित्व वाली ओडिशा स्थित बौध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ आयकर विभाग की छापेमारी में 351 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की गई है और यह देश में किसी भी जांच एजेंसी द्वारा एक कार्रवाई में अब तक की सबसे अधिक बरामदगी है. इससे पहले भी प्रधानमंत्री ने साहू के घर से मिली करोड़ों की नकदी को लेकर एक पोस्ट की थी. उन्होंने एक खबर साझा करते हुए पोस्ट में कहा था, ”देशवासी इन नोटों के ढेर को देखें और फिर इनके नेताओं के ईमानदारी के ‘भाषणों’ को सुनें.. जनता से जो लूटा है, उसकी पाई-पाई लौटानी पड़ेगी, यह मोदी की गारंटी है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu