जो ”भाजपाई वॉशिंग मशीन” में नहीं गए, वो भ्रष्टाचारी, जो स्नान कर लिए, वो आज्ञाकारी: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 13 Dec 2023 05:16 PM
जो ”भाजपाई वॉशिंग मशीन” में नहीं गए, वो भ्रष्टाचारी, जो स्नान कर लिए, वो आज्ञाकारी: खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपनी पार्टी के सांसद धीरज प्रसाद साहू के परिसरों से 350 करोड़ रुपये से अधिक की नगदी बरामदगी के मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हमले के बाद उन पर पलटवार करते हुए बुधवार को कहा कि जो ”भाजपाई वॉशिंग मशीन” में नहीं गए, वह भ्रष्टाचारी हो गए, लेकिन जिन्होंने उसमें स्नान कर लिया, वह आज्ञाकारी बन गए.

खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”प्रधानमंत्री जी ‘मनी हाइस्ट’ की बात कर रहे हैं, तो लगे हाथ, यह भी बता दें कि जानबूझकर कर्ज अदा नहीं करने वाले 16,663 लोगों ने बैंको को 3.35 लाख करोड़ रुपये का चूना कैसे लगाया ?” उन्होंने सवाल किया, ”क्या कारण है कि 2014-15 के बाद से बैंकों द्वारा 10.42 लाख करोड़ रुपये का कारपोरेट कर्ज बट्टे खाते में डाला गया, लेकिन वास्तविक ऋण वसूली 1.61 लाख करोड़ रुपये ही क्यों रही ? क्यों सरकारी लूट के कारण आज खुदरा महंगाई दर 5.5 प्रतिशत पर है, और 74 प्रतिशत भारतीय पौष्टिक आहार से वंचित हैं ?”

खरगे ने दावा किया, ”जो भाजपाई वॉशिंग मशीन में नहीं गए, वह तो भ्रष्टाचारी, जो उसमें स्नान कर लिए, वह बने आज्ञाकारी !!” प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस सांसद साहू के परिसरों से 350 करोड़ रुपये से अधिक की बरामदगी के मुद्दे पर मंगलवार को कांग्रेस पर निशाना साधा और इसके लिए एक लोकप्रिय क्राइम सीरिज का हवाला दिया. प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा, ”भारत में ‘मनी हाइस्ट’ कथा की जरूरत किसे है, जब आपके पास कांग्रेस पार्टी है. कांग्रेस की डकैतियां 70 वर्षों से प्रसिद्ध हैं और अभी भी जारी हैं.” ‘मनी हाइस्ट’ डकैती पर आधारित एक स्पेनिश ड्रामा सीरिज है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu