‘डंकी’ दर्शकों को मातृभूमि और परिवार से प्यार करना सिखाएगी: शाहरुख

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Dec 2023 06:48 PM
‘डंकी’ दर्शकों को मातृभूमि और परिवार से प्यार करना सिखाएगी: शाहरुख
ऑडियो सुनें

दुबई. बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान ने ‘डंकी’ को अपनी अबतक की ‘सर्वश्रेष्ठ’ फिल्म बताते हुए कहा कि यह दर्शकों को उनकी मातृभूमि और परिवार से प्यार करना सिखाएगी. फिल्म का निर्देशन राजकुमार हिरानी ने किया है और यह 21 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. यह कॉमेडी फिल्म है और किसी देश में अवैध तरीके से घुसने की ‘डंकी फ्लाइट’ तरकीब पर आधारित है. अभिनेता ने कहा कि “डंकी” अपने देश को प्रेम करने के बारे में है.

खान ने कहा, ” ‘डंकी’ मेरी सर्वेश्रेष्ठ फिल्म है… यह फिल्म आपको अपनी मातृभूमि, माता-पिता से प्यार करना सिखाएगी.” उन्होंने यहां रविवार को फिल्म का प्रचार करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में कहा कि यह फिल्म विदेश जाने और अपने लिए भविष्य तलाशने को दिखाती है, लेकिन अपने घर से सबसे अधिक प्यार करना भी बताती है.

अभिनेता ने कहा, “यह घर वापसी के बारे में है. आप दुनिया में कहीं भी रहें, लेकिन आप वापस अपनी मिट्टी की ओर आते हैं.” ‘डंकी’ खान की वर्ष 2023 की तीसरी और आखिरी फिल्म है. इससे पहले उनकी ‘पठान’ और ‘जवान’ फिल्में आई थीं जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई की थी.

खान (58) ने कहा कि उन्होंने ‘डंकी’ अपने लिए बनाई है. उन्होंने कहा, ” जब मैंने ‘जवान’ बनाई तो मैंने सोचा कि मैंने युवाओं के लिए एक फिल्म बनाई है लेकिन मैंने अपने लिए कुछ नहीं बनाया. फिर, मैंने ‘डंकी’ बनाई, यह फिल्म मेरे लिए है. यह मेरे दिल के बहुत करीब है.” उन्होंने कहा, “जब मैं ‘पठान’ कर रहा था, तो फिल्मों के बारे में लिखने वाले और शायद फिल्मों के निर्माताओं से ज्यादा जानने वाले कई लोगों ने कहा कि शाहरुख फिल्मों में किस तरह की भूमिकाएं निभा रहे हैं.”

खान ने कहा, ”मुझे हकीकत में लगा कि मुझे ऐसी फिल्में करनी चाहिए जिनका किरदार मेरे दिल से निकलता हो. आपने इस साल मेरी जो भी फिल्में देखीं उनका किरदार मैनें दिल से निभाया है. इस साल का अंत मैं अपने लिए की गई फिल्म से करना चाहता था. कृपया मेरे लिए 21 दिसंबर को ‘डंकी’ जरूर देखें. मुझे यकीन है कि आपको फिल्म में कुछ ऐसा मिलेगा जो आपके दिल को छू जाएगा और आपको हंसाएगा.” ‘डंकी’ में खान के साथ तापसी पन्नू, विक्की कौशल, बोमन ईरानी, विक्रम कोचर और अनिल ग्रोवर भी हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu