जिन लोगों ने अन्याय करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, वे आजकल ‘न्याय यात्रा’ की कल्पना कर रहे : नड्डा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 31 Dec 2023 07:51 PM
जिन लोगों ने अन्याय करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, वे आजकल ‘न्याय यात्रा’ की कल्पना कर रहे : नड्डा
ऑडियो सुनें

लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने रविवार को विपक्षी दलों खासतौर से कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर निशाना साधते हुए दावा किया कि जिन लोगों ने समाज में अन्याय करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, वे आजकल ‘न्याय यात्रा’ की कल्पना कर रहे हैं.

रविवार को यहां दुबग्गा चौराहा के एक पार्क में केंद्रीय मंत्री व मोहनलालगंज से भाजपा के सांसद कौशल किशोर द्वारा आयोजित महिला हाफ मैराथन में शामिल होने के बाद नड्डा एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, ”जिन लोगों ने इतने वर्षों में भारत को तोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी, वो भारत जोड़ो यात्रा पर निकल गये.”

भाजपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया, ”जिन लोगों ने हमारे समाज में अन्याय करने में कोई कसर नहीं छोड़ी, वे आजकल ‘न्याय यात्रा’ की कल्पना कर रहे हैं. यह कितनी बड़ी विडंबना है कि जिन लोगों ने अपने परिवार से बाहर कभी कुछ नहीं सोचा, वे देश की बात कर रहे हैं.” नड्डा ने 14 जनवरी से शुरू होने वाली कांग्रेस की ”भारत न्याय यात्रा” के मद्देनजर यह टिप्पणी की. यह यात्रा मणिपुर से शुरू होकर 14 राज्यों और 85 जिलों से होते हुए मुंबई पहुंचेगी.

कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने कहा था कि भारत न्याय यात्रा के तहत 6,200 किलोमीटर दूरी तय की जाएगी और महाराष्ट्र पहुंचने से पहले यह मणिपुर, नगालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होकर गुजरेगी.

भाजपा नेता ने केन्­द्र और राज्­य की ‘डबल इंजन’ सरकार के विकास कार्यों की सराहना करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया, ”मोदी जी, योगी जी भारत कैसे आगे बढ़े, इसकी बात करते हैं और लेकिन जब अखिलेश बात करते हैं, जब राहुल (राहुल गांधी) बात करते हैं तो एक ही बात करते हैं मैं और मेरा परिवार आबाद रहे, इससे ज्यादा उनकी कोई कल्पना नहीं है.” अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव की चर्चा किये बिना भाजपा अध्यक्ष ने विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि ”स्पर्धा सिर्फ खिलाडी की नहीं होती, स्पर्धा देश को आगे ले जाने वालों और रोकने वालों के बीच भी होती है.”

नड्डा ने कहा, ”एक तरफ मोदी जी हैं जो देश को आगे बढ़ा रहे हैं और एक तरफ ‘इंडिया’ गठबंधन है, इंडी एलायंस मोदी रोको, मोदी रोको कर रहा है और दूसरी तरफ मोदी जी हैं जो कह रहे हैं भारत को आगे ले चलो, आगे ले चलो.” उन्होंने लोगों को आगाह करते हुए कहा कि ”यह अंतर हमको समझना पड़ेगा. उनकी स्­पर्धा है कि वो कितना पीछे जाएं और हमारी स्पर्धा है कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत को कितना आगे ले जाएं.” नड्डा ने कहा, ”यदि हम महिलाओं, युवाओं, किसानों और गरीबों को ताकतवर बनाते हैं तो विकसित भारत बनने से कोई रोक नहीं सकता.”

उन्होंने कहा, ”जब हम विकसित भारत की कल्पना करते हैं तो युवा हो, महिला हो, गरीब हो, गांव से जुड़ा हो और हमारा किसान भाई हो, ये सब जब विकास की गति में अपने आपको शामिल करके आगे बढ़ते हैं तो भारत विकसित भारत बनेगा. इसीलिए प्रधानमंत्री जी ने बड़े स्­पष्­ट शब्­दों में कहा कि मुझे चार ही जातियां दिखती हैं.”

भाजपा नेता ने कहा, ह्लमोदी जी ने साफ कहा कि चार जातियां दिखती हैं- सबसे पहली जाति है महिला, दूसरी जाति है युवा, तीसरी किसान और चौथी गरीब की जाति है. यदि हम गरीबों को मजबूत करते हैं, उनको ताकत देते हैं, किसानों, महिलाओं और युवाओं को ताकत देते हैं तो हमें विकसित भारत बनने से कोई रोक नहीं सकता. यह कल्पना लेकर हम चलें हैं.ह्व नड्डा ने महिलाओं, गरीबों, किसानों और युवाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि ये (योजनाएं) इनको ताकत देती हैं और तस्वीर व तकदीर बदलती हैं.

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ”एक समय में उत्तर प्रदेश कैसा जाना जाता था, गुंडों का प्रदेश कहना अच्छा नहीं होता. महिलाएं, बहू बेटियां घर से निकलकर शाम को वापस सुरक्षित पहुंच जाएं, इसकी कल्पना आसान नहीं थी. विकास के नाम पर सारे काम ठप थे.” उन्होंने कहा कि उप्र का मतलब पिछड़ा हुआ प्रदेश था.

हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल को याद करते हुए नड्डा ने कहा, ”मैं 1998 में एक प्रदेश (हिमाचल प्रदेश) का स्­वास्­थ्­य मंत्री होता था, बड़ी मेहनत करता था और अपने आंकड़े अच्छे बनाकर लाता था लेकिन जब मैं भारत के आंकड़े देखता था तो पता चलता था कि हमारे आंकड़े बहुत नीचे आ गये. मैं पूछता कि हमारे आंकड़े क्यों नीचे आ गये तो बताया जाता कि ये कुछ बीमारू राज्य हैं, जो बीमार रहते हैं और उनके कारण हमारे सारे पैरामीटर नीचे चले जाते हैं, कमजोर हो जाते हैं और उस बीमारू राज्य में उप्र भी शामिल था.”

उन्होंने कहा, ”लेकिन आज मैं गौरव के साथ कह सकता हूं कि मोदी (प्रधानमंत्री नरेन्­द्र मोदी) और योगी (मुख्­यमंत्री योगी आदित्­यनाथ) की मेहनत से आज उप्र एक अग्रणी राज्­य के रूप में तीव्र गति से आगे बढ़ रहा है.” कार्यक्रम को प्रदेश के मुख्­यमंत्री योगी आदित्­यनाथ ने भी संबोधित किया. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व उप मुख्­यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई प्रमुख नेताओं ने नड्डा का स्वागत किया. बाद में नड्डा ने यहां ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ को भी संबोधित किया.

उन्होंने कहा, ”विकसित भारत संकल्प यात्रा का उद्देश्य है कि कोई भी लाभार्थी छूट न जाए. केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचे. इसलिए सरकार हर व्यक्ति तक पहुंच रही है और केंद्र सरकार की योजनाओं का प्रसार कर रही है.” भाजपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि अगर ”उजाले” को समझना है तो पहले ”अंधेरे” को पहचानना होगा.

अपने विधायक कार्यकाल को याद करते हुए, नड्डा ने कहा, ”1993 में, मैं अपने क्षेत्र में सबसे अधिक वोटों से चुनाव जीता था. उस समय, बीडीओ मेरे घर और मेरे कार्यालय में आते थे और कहते थे कि नड्डा साहब, आपको एक पंचायत में दो इंदिरा आवास योजना मिल रही है. बताओ किसे दूं?” नड्डा ने प्रधानमंत्री मोदी की सराहना करते हुए कहा, ”आज मैं गर्व से कह सकता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ घर दिए हैं. यही अंतर है उजियाले और अंधेरे में.” भाजपा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि एक गांव की बुजुर्ग महिला ने उनसे कहा कि उनके बाल झड़ गए हैं, क्योंकि उन्हें पानी लाने के लिए अपने सिर पर मिट्टी का बर्तन रखकर तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है. नड्डा ने कहा कि आज जल जीवन मिशन के तहत हर घर को नल से जल मिल रहा है.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu