मध्य प्रदेश में प्राण प्रतिष्ठा की धूम, मुख्यमंत्री यादव ओरछा मंदिर में करेंगे पूजा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 22 Jan 2024 02:45 PM
मध्य प्रदेश में प्राण प्रतिष्ठा की धूम, मुख्यमंत्री यादव ओरछा मंदिर में करेंगे पूजा
ऑडियो सुनें

भोपाल: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में स्थित राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह से ठीक पहले मध्य प्रदेश में लोगों की नींद सोमवार की सुबह ‘जय श्री राम’ के नारों से खुली। विभिन्न जिलों के अलग अलग इलाकों में ‘प्रभात फेरियां’ निकाली गईं, जिसमें रंग-बिरंगे वस्त्र पहने और भगवा झंडे पकड़े पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने ढोल की थाप के बीच भगवान राम की स्तुति में भक्ति गीत गाए।

राज्य भर के मंदिरों में उत्सव जैसा माहौल था और चारों ओर अगरबत्तियों की सुगंध फैली हुई थी। राज्य के विभिन्न शहरों में सुबह से ही लोग मंदिरों में पूजा-अर्चना करने के लिए उमड़ पड़े और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते हुए एक-दूसरे को बधाई दी।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव राज्य के निवाड़ी जिले में स्थित ओरछा में राम राजा मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। ओरछा को छोटी अयोध्या भी कहा जाता है। भक्तों का ऐसा विश्वास है कि भगवान राम दिन में ओरछा में रहते हैं और रात में अयोध्या चले जाते हैं।

उज्जैन में रविवार को संवाददाताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री यादव ने लोगों से अयोध्या में राम मंदिर उद्धघाटन को एक ऐतिहासिक समारोह बनाने की अपील की थी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav