राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए अमिताभ, आलिया-रणबीर सहित कई सितारे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 Jan 2024 07:44 PM
राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए अमिताभ, आलिया-रणबीर सहित कई सितारे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अमिताभ बच्चन, रजनीकांत, चिरंजीवी, आलिया भट्ट-रणबीर कपूर और विक्की कौशल-कैटरीना कैफ सहित भारतीय सिनेमा के कई सितारे सोमवार को अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए. फिल्मकार रोहित शेट्टी, राजकुमार हिरानी, अभिनेता आयुष्मान खुराना, अभिनेत्री माधुरी दीक्षित नेने तथा उनके पति श्रीराम नेने और फिल्म निर्माता महावीर जैन भी इस भव्य कार्यक्रम का हिस्सा बने.

अभिनेत्री और मथुरा से सांसद हेमा मालिनी, अभिनेता रजनीकांत, पवन कल्याण, गायक शंकर महादेवन, निर्देशक मधुर भंडारकर, सुभाष घई, अभिनेत्री शेफाली शाह और उनके पति विपुल शाह, अभिनेता रणदीप हुडा तथा उनकी पत्नी लिन लैशराम, आदिनाथ मंगेशकर, संगीतकार अनु मलिक और प्रसिद्ध पार्श्व गायक सोनू निगम रविवार को ही अयोध्या पहुंच गए थे.

अमिताभ बच्चन सोमवार को अपने बेटे एवं अभिनेता अभिषेक बच्चन के साथ मुंबई से अयोध्या के लिए रवाना हुए. अमिताभ मंदिर परिसर में अभिनेता अरुण गोविल के साथ बातचीत करते हुए नजर आए. गोविल ने 1987 के टीवी धारावाहिक ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाया था. कार्यक्रम स्थल पर बच्चन परिवार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रविशंकर प्रसाद तथा उद्योगपति अनिल अंबानी से भी मुलाकात की.

इससे पहले अभिनेता चिरंजीवी को अयोध्या हवाई अड्डे पर एक विशेष विमान से उतरते हुए देखा गया था. चिरंजीवी के साथ उनकी पत्नी सुरेखा और बेटे एवं अभिनेता राम चरण भी थे. अनुष्ठान पूरा होने के बाद, सरोद वादक उस्ताद अमजद अली खान, अभिनेता अजय देवगन और गायिका श्रेया घोषाल सहित कई हस्तियों ने सोशल मीडिया पर शुभकामनाएं दीं.

देवगन ने ‘एक्स’ पर कहा, ”विश्वास नहीं कर सकता कि मैं अपने जीवनकाल में राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा जैसी ऐतिहासिक और शुभ घटना का गवाह बनने का भाग्यशाली हूं. यह देखकर गर्व होता है कि कैसे हमारा पूरा देश अयोध्या में हमारे राम लला के स्वागत के लिए एकजुट हुआ है.” खान ने लिखा, ”राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह सभी के लिए शांति, सद्भाव और आध्यात्मिक ज्ञान लाए. सभी को अयोध्या राम मंदिर के सुखद और पूर्ण दर्शन की शुभकामनाएं.” अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर एक ‘दीपक’ की तस्वीर साझा की.

अभिनेत्री कंगना रनौत ने ‘जय श्री राम’ का नारा लगाते हुए मंदिर पर सेना के हेलीकॉप्टर द्वारा पुष्प वर्षा का एक वीडियो साझा किया.
उन्होंने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ”राम आ गए.” गायक हरिहरन ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि समारोह में भाग लेना वास्तव में विनम्र अनुभव है. अभिनेता अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश में समारोह के अवसर पर अपनी शुभकामनाएं दीं. दोनों अभी फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’ की शूटिंग कर रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu