प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 14 May 2025 07:45 PM
प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति की बैठक
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीएस) की एक बैठक की अध्यक्षता की. भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने की सहमति बनने के बाद यह सीसीएस की पहली बैठक है. ऐसी जानकारी है कि इस बैठक में ऑपरेशन सिंदूर स्थगित होने के मद्देनजर सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की गई. इस बैठक में प्रधानमंत्री के साथ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद थे. बैठक में वर्तमान स्थिति और भारत की तैयारियों पर चर्चा की गई.
इसके बाद प्रधानमंत्री ने मंत्रिमंडल की बैठक की भी अध्यक्षता की.

मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान मंत्रियों द्वारा प्रधानमंत्री की प्रशंसा किए जाने के बारे में पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, ”ऑपरेशन सिंदूर भारत के गौरव, सशस्त्र बलों की भूमिका और निर्णायक नेतृत्व के अलावा नये सिद्धांत का एक उदाहरण था. यह देश के लिए बहुत सराहनीय है.” संवाददाताओं से बातचीत में, वैष्णव ने उत्तर प्रदेश के जेवर में 3,706 करोड़ रुपये के सेमीकंडक्टर संयंत्र को मंत्रिमंडल की मंजूरी की घोषणा की और कहा, ”आपने ऑपरेशन सिंदूर में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के उपयोग को देखा और कैसे भारत प्रौद्योगिकी के उपयोग से मजबूत होकर उभरा है.”

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पहली बार राष्ट्र को संबोधित करते हुए सोमवार को पड़ोसी देश पाकिस्तान को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा था कि भारत ‘परमाणु ब्लैकमेल’ को बर्दाश्त नहीं करेगा. साथ ही उन्होंने विश्व को यह स्पष्ट संदेश भी दिया था कि ‘आतंकवाद एवं व्यापार’ तथा ‘आतंकवाद एवं बातचीत’ साथ-साथ नहीं चल सकते.

प्रधानमंत्री मोदी ने 22 मिनट के अपने संबोधन में कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की आतंकवाद के खिलाफ नयी नीति है. उन्होंने कहा था कि भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना अभियान स्थगित किया है तथा इस अभियान का भविष्य पड़ोसी देश के बर्ताव पर निर्भर करेगा. इस बीच, भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष समाप्त करने के लिए मध्यस्थता के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावे को भारत ने खारिज कर दिया है. भारत के खंडन के बावजूद ट्रंप ने फिर दावा किया है कि उनकी सरकार ने दोनों देशों के बीच ‘ऐतिहासिक संघर्षविराम’ करवाया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu