बलरामपुर: रिश्तेदार के घर होली मनाने गए ग्रामीण को जंगली हाथी ने कुचलकर मार डाला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 26 Mar 2024 07:15 PM
बलरामपुर: रिश्तेदार के घर होली मनाने गए ग्रामीण को जंगली हाथी ने कुचलकर मार डाला
ऑडियो सुनें

बलरामपुर. छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई है. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत नरसिंहपुर गांव के करीब जंगली हाथी के हमले में रामसूरत गोड़ (65) की मृत्यु हो गई.

उन्होंने बताया कि मरकाडांड़ गांव निवासी रामसूरत गोड़ सोमवार को होली मनाने के लिए अपने रिश्तेदार के घर नरसिंहपुर गांव गये थे. जब वह अपने गांव वापस लौट रहे थे, तब रात लगभग 11 बजे नरसिंहपुर गांव में नदी के करीब एक हाथी ने उनपर हमला कर दिया. इस घटना में गोड़ की मौत हो गई.

अधिकारियों ने बताया कि आज सुबह वन विभाग को घटना की जानकारी मिली, तब घटनास्थल के लिए वन विभाग के दल को रवाना किया गया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. अधिकारियों ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से चार हाथी अलग-अलग विचरण कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि बीती रात वन विभाग के कर्मचारियों ने गोड़ को जंगल में जाने से मना किया था, लेकिन उन्होंने उसे अनसुना कर दिया. अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग द्वारा गांवों में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu