महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर दुबई से लौटे पति की हत्या की, शव के टुकड़ों को सूटकेस में भरकर फेंका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 21 Apr 2025 11:05 PM
महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर दुबई से लौटे पति की हत्या की, शव के टुकड़ों को सूटकेस में भरकर फेंका
ऑडियो सुनें

गोरखपुर/हापुड़/गुवाहाटी. उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक महिला ने दस दिन पहले दुबई से लौटे अपने पति की अपने प्रेमी के साथ मिलकर कथित तौर पर हत्या कर दी. पुलिस ने सोमवार को बताया कि मृतक का शव उसके घर से करीब 55 किलोमीटर दूर एक खेत में पड़े सूटकेस से बरामद किया गया.

पुलिस के मुताबिक, मृतक नौशाद अहमद (38) दस दिन पहले दुबई से भटौली गांव लौटा था और सूटकेस पर लगे विमानन कंपनी के टैग के जरिये उसकी शिनाख्त की गई. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तरकुलवा थाना क्षेत्र के पटखौली गांव निवासी एक किसान ने रविवार सुबह अपने खेत में एक लावारिस ट्रॉली बैग देखा, जिसके अंदर एक व्यक्ति के शव के टुकड़े रखे हुए थे. उन्होंने बताया कि पुलिस ने सूटकेस पर लगे विमानन कंपनी के टैग के जरिये मृतक की शिनाख्त की.

अधिकारी के अनुसार, जब पुलिस नौशाद के घर पहुंची, तो उसकी पत्नी रजिया ने शुरू में दावा किया कि वह पिछली रात बाहर गया था. उन्होंने बताया कि हालांकि, पुलिस को घर के अंदर खून के धब्बे और खेत में मिले सूटकेट जैसा एक और सूटकेस दिखाई दिया, जिससे संदेह पैदा हुआ.

अधिकारी के मुताबिक, पूछताछ के दौरान रजिया ने अपने भतीजे रुमान की मदद से पति नौशाद की हत्या करने की बात कबूल की.
अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद वर्मा ने बताया, “रजिया, रुमान और उसके दोस्त हिमांशु ने देर रात दो बजे नौशाद की हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने के लिए उसके टुकड़े कर एक सूटकेस में भरा. इसके बाद सूटकेस को घर से दूर एक खेत में फेंक दिया.”

वर्मा के मुताबिक, मामले में रजिया को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि रुमान और हिमांशु फरार हैं. उन्होंने बताया कि नौशाद की हत्या और उसके शव के टुकड़े करने में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, चॉपर और मूसल बरामद कर लिए गए हैं. नौशाद की बहन ने आरोप लगाया कि रजिया और रुमान के बीच प्रेम संबंध थे, जिसके कारण दोनों ने उसके भाई की हत्या कर दी. नौशाद की छह साल की एक बेटी है.

हापुड़ में तीन बच्चों की मां पति के चचेरे भाई के साथ भागी

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक महिला कुछ नकदी और जेवर लेकर अपने पति के चचेरे भाई के साथ कथित तौर पर भाग गई. पुलिस ने सोमवार को बताया कि पति की शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया है. कोतवाली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि अर्जुन नामक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी पत्नी लक्ष्मी पड़ोस में रहने वाले उसके चचेरे भाई के साथ घर छोड़कर भाग गई है.

शिकायत में अर्जुन ने आरोप लगाया है कि लक्ष्मी अपने साथ 15 हजार रुपये नकदी और कुछ जेवर लेकर गई है. अर्जुन ने कहा है कि लक्ष्मी को खोजने और फोन पर उससे संपर्क करने की उसकी सभी कोशिशें विफल रहीं, जिसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया.
अर्जुन ने पुलिस को बताया कि वह वाहनों की पुताई का काम करता है और उसने 2017 में ग्रेटर नोएडा के एनटीपीसी क्षेत्र के जारचा गांव की मूल निवासी लक्ष्मी से शादी की थी. शिकायत के अनुसार, अर्जुन और लक्ष्मी के तीन बच्चे (दो बेटी और एक बेटा) हैं और वह उन्हें छोड़कर चली गई है. हापुड़ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मुनीश प्रताप सिंह ने कहा, “हमने पति की शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है. महिला और उसके कथित प्रेमी का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं.”

असम में एक व्यक्ति ने पत्नी का गला काटा, सिर के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया

असम में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पत्नी का सिर काट कर उसकी हत्या कर दी और कटा सिर लेकर पुलिस थाने में आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस ने इसकी जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार रात असम के चिरांग जिले में हुई. उन्होंने बताया कि आरोपी ने कथित तौर पर पत्नी की हत्या करने के बाद कटे हुए सिर के साथ बल्लमगुड़ी पुलिस चौकी जाकर आत्मसमर्पण कर दिया.

पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. हत्या के कारण के बारे में पूछे जाने पर पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ”हम फिलहाल कुछ नहीं कह सकते. हमें जांच पूरी होने का इंतजार करना होगा.” स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि आरोपी दिहाड़ी मजदूर है और उसने घरेलू विवाद के बाद पत्नी की हत्या कर दी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu