छात्राओं के यौन शोषण के आरोपी प्रोफेसर के बाद प्राचार्य को भी किया गया गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 23 Apr 2025 08:54 PM
छात्राओं के यौन शोषण के आरोपी प्रोफेसर के बाद प्राचार्य को भी किया गया गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

हाथरस. हाथरस जिले में छात्राओं के कथित यौन शोषण के मामले में पीसी बागला डिग्री कॉलेज के एक प्रोफेसर के बाद उसके प्राचार्य को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस अधीक्षक (एसपी) चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि छात्राओं के यौन शोषण के मामले में पीसी बागला डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर रजनीश कुमार के बाद अब पुलिस ने प्राचार्य महावीर सिंह छोकर को भी गिरफ्तार किया है.

उन्होंने बताया कि प्राचार्य पर आरोप है कि उन्होंने छात्राओं की शिकायत के बाद भी प्रोफेसर रजनीश कुमार द्वारा यौन उत्पीड़न के मामले को दबाने की कोशिश की और उन्हें धमकाया. सिन्हा ने बताया कि मार्च के महीने में शहर के पीसी बागला कॉलेज की एक पूर्व छात्रा का गुमनाम पत्र मिला था और उसने पत्र में दावा किया था कि कॉलेज के भूगोल विभाग के अध्यक्ष व प्रॉक्टर डॉक्टर रजनीश कुमार ने उनके साथ अनैतिक व अनुचित व्यवहार किया तथा उन्होंने अन्य छात्राओं के साथ भी ऐसा किया है.

उन्होंने बताया कि इस संबंध में वीडियो फुटेज भी मिले थे, जिसके बाद हाथरस गेट थाने में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था. पिछले महीने 19 मार्च को आरोपी के खिलाफ सुबूत मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया था. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस घटना की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी और उसकी जांच में पता लगा कि आरोपी प्रोफेसर द्वारा छात्राओं के साथ की गई हरकतों की शिकायत प्राचार्य छोकर से की गई थी, मगर उन्होंने इसके खिलाफ कोई कार्रवाई करने के बजाय छात्रों को ही धमकाया.

उन्होंने कहा कि प्राचार्य द्वारा पीड़ित छात्राओं को धमकाया जाना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है तथा उन्होंने अपने दायित्व का निर्वहन न करते हुए छात्राओं से दुर्व्यवहार किया. सिन्हा ने बताया कि छोकर को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया गया है. हाथरस में पीसी बागला डिग्री कॉलेज के भूगोल विभाग के अध्यक्ष डॉक्टर रजनीश कुमार को कॉलेज में छात्राओं का यौन शोषण करने के आरोप में पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था. आरोप है कि कुमार ने छात्राओं के अश्लील वीडियो भी बनाए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu