नौसेना के लिए 26 राफेल-एम जेट, तीन स्कॉर्पीन पनडुब्बी की खरीद को लेकर अगले महीने समझौते की उम्मीद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 02 Dec 2024 06:55 PM
नौसेना के लिए 26 राफेल-एम जेट, तीन स्कॉर्पीन पनडुब्बी की खरीद को लेकर अगले महीने समझौते की उम्मीद
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने सोमवार को कहा कि भारत अगले महीने 26 राफेल लड़ाकू विमानों के नौसैनिक संस्करण और तीन अतिरिक्त स्कॉर्पीन पनडुब्बी की खरीद के लिये अलग-अलग अनुबंधों पर हस्ताक्षर कर सकता है.
उन्होंने कहा कि चीन और पाकिस्तान की नौसेनाओं की गतिविधियों पर करीबी नजर रखी जा रही है.

नौसेना दिवस से पहले मीडिया से बातचीत में एडमिरल त्रिपाठी ने यह भी कहा कि सरकार ने दो एसएसएन (परमाणु ऊर्जा चालित पनडुब्बियों) के लिए मंजूरी दे दी है और ऐसी छह नौकाएं बनाने की योजना है. नौसेना दिवस चार दिसंबर को मनाया जाता है. नौसेना प्रमुख ने कहा कि पहला एसएसएन 2036-37 तक और दूसरा 2038-39 तक तैयार हो जाएगा.

उन्होंने कहा, ”राफेल मरीन पर बातचीत काफी आगे बढ़ चुकी है और यह सुरक्षा मामलों की मंत्रिमंडल समिति के पास ले जाए जाने से बस एक चरण पीछे है. चूंकि यह दोनों देशों की सरकार के बीच का समझौता है, इसलिए इसमें ज्यादा समय नहीं लगेगा.” पिछले साल जुलाई में रक्षा मंत्रालय ने फ्रांस से राफेल-एम जेट विमानों की खरीद को मंजूरी दी थी, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से स्वदेश निर्मित विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर तैनाती के लिए किया जाएगा.

उन्होंने कहा, ”हमें उम्मीद है कि इस महीने नहीं तो अगले महीने इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा. दोनों (स्कॉर्पीन पनडुब्बी) और राफेल-एम (परियोजना) पर हस्ताक्षर हो जाने चाहिए.” एडमिरल त्रिपाठी ने कहा, ”हम पीएलए (चीनी) नौसेना, उनके युद्धपोतों और उनके अनुसंधान जहाजों सहित क्षेत्र से बाहर की ताकतों पर नजर रख रहे हैं और जानते हैं कि वे क्या कर रहे हैं और कहां हैं.” नौसेना प्रमुख ने यह भी कहा कि देश की नौसैन्य क्षमता को बढ़ाने के प्रयासों के तहत वर्तमान में 62 जहाज और एक पनडुब्बी का निर्माण कार्य जारी है.
चीन द्वारा पाकिस्तान की समुद्री ताकत बढ़ाने में मदद के बारे में नौसेना प्रमुख ने कहा कि इससे पता चलता है कि चीन पाकिस्तान को सैन्य रूप से मजबूत बनाने में दिलचस्पी रखता है.

उन्होंने कहा, ”चीन के सहयोग से पाकिस्तान की नौसेना के कई युद्धपोत और पनडुब्बियां बनाई जा रही हैं, जो दर्शाता है कि चीन पाकिस्तान की नौसेना को मजबूत बनाने में रुचि रखता है.” उन्होंने कहा, ”उनकी आठ नयी पनडुब्बियां पाकिस्तानी नौसेना के लिए महत्वपूर्ण लड़ाकू क्षमता होगी, लेकिन हम उनकी क्षमताओं से पूरी तरह अवगत हैं. यही कारण है कि हम अपने पड़ोसियों से सभी खतरों से निपटने में सक्षम होने के लिए अपनी अवधारणाओं में सुधार कर रहे हैं.” नौसेना प्रमुख ने कहा कि भारतीय नौसेना पाकिस्तानी नौसेना की आश्चर्यजनक वृद्धि से अवगत है.

उन्होंने कहा, ”हम पाकिस्तानी नौसेना की आश्चर्यजनक वृद्धि से अवगत हैं, जिसका लक्ष्य 50 जहाजों वाली नौसेना बनना है. उन्होंने अपने लोगों के कल्याण के बजाय हथियारों को चुना है.” भारतीय नौसेना के आधुनिकीकरण पर एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि अगले एक वर्ष में कुछ जहाजों को शामिल किया जाएगा और कम से कम एक जहाज को नौसेना में शामिल किया जाएगा.
उन्होंने कहा, ”हमने नौसेना में विशिष्ट प्रौद्योगिकियों को शामिल करने के लिए प्रयास दोगुना कर दिया है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu