गुजरात में कैबिनेट विस्तार से पहले सभी 16 मंत्रियों ने मुख्यमंत्री पटेल को इस्तीफे सौंपे

गांधीनगर. गुजरात में मंत्रिपरिषद विस्तार से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को छोड़कर सभी 16 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया. राज्य में सत्तारूढ. भाजपा के सूत्रों ने यह जानकारी दी. राज्य सरकार ने सुबह ही घोषणा कर दी थी कि पटेल शुक्रवार को अपनी मंत्रिपरिषद का विस्तार करेंगे.

भाजपा के एक सूत्र ने कहा, ”पार्टी ने सभी 16 मंत्रियों के इस्तीफे ले लिए हैं. मुख्यमंत्री पटेल को छोड़कर सभी मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है.” आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, मंत्रिपरिषद विस्तार शुक्रवार पूर्वाह्न साढ.े 11 बजे होगा. गुजरात की मौजूदा मंत्रिपरिषद में मुख्यमंत्री पटेल सहित 17 मंत्री हैं. आठ कैबिनेट स्तर के मंत्री हैं जबकि इतने ही राज्य मंत्री (एमओएस) हैं.

पार्टी सूत्रों ने बताया कि लगभग 22 मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी, जिनमें से मौजूदा मंत्रिपरिषद के लगभग छह मंत्रियों को बरकरार रखा जाएगा. भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा बृहस्पतिवार शाम गांधीनगर पहुंचे और उन्होंने मुख्यमंत्री पटेल तथा पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की.

पार्टी सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भी शुक्रवार को भाजपा सरकार के नए मंत्रियों के शपथग्रहण समारोह में शामिल होने की संभावना है. कुल 182 सदस्यों वाली राज्य विधानसभा में सदन की कुल संख्या का 15 प्रतिशत या 27 मंत्री हो सकते हैं.
इस महीने की शुरुआत में गुजरात सरकार में राज्य मंत्री जगदीश विश्वकर्मा, केंद्रीय मंत्री सी आर पाटिल की जगह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के नए अध्यक्ष बने थे. पार्टी सूत्रों ने बताया कि भाजपा की ‘एक व्यक्ति, एक पद’ नीति के कारण विश्वकर्मा को इस बार मंत्रिपरिषद में शामिल नहीं किया जाएगा. भूपेंद्र पटेल ने 12 दिसंबर, 2022 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ ली थी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button