अस्पताल में नवजात को जानवर द्वारा कुतरे जाने के आरोप सरकार को बदनाम करने की साजिश: उप-मुख्यमंत्री

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 29 Aug 2022 03:45 PM
अस्पताल में नवजात को जानवर द्वारा कुतरे जाने के आरोप सरकार को बदनाम करने की साजिश: उप-मुख्यमंत्री
ऑडियो सुनें

गोंडा/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक सरकारी अस्पताल में जन्मे नवजात शिशु को किसी जानवर द्वारा निवाला बनाए जाने के मामले से इनकार करते हुए राज्­य सरकार ने इसे सरकार की छवि को धूमिल करने का प्रयास बताया है। जिलाधिकारी द्वारा गठित जांच समिति ने भी इस मामले को झूठा करार दिया है। फिलहाल प्रसूता के भाई की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अभियोग दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

इस मामले में स्थानीय पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर एक तरफ जहां लापरवाही पूर्वक कार्य करने के कारण नवजात की मौत होने के संबंध में अज्ञात के खिलाफ अभियोग दर्ज किया है, वहीं दूसरी तरफ जांच समिति की रिपोर्ट के हवाले से जिलाधिकारी ने मृत शिशु पैदा होने की बात कहते हुए प्रथम दृष्टया अस्पताल प्रशासन की तरफ से किसी भी प्रकार की लापरवाही बरते जाने से इनकार किया है।

उप-मुख्­यमंत्री ब्रजेश पाठक ने रविवार देर रात ट्वीट किया, ‘‘गोंडा के सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) मुजेहना में नवजात की संदिग्ध मौत से जुड़े मामले में मेरे निर्देश पर सीएमओ (मुख्­य चिकित्­सा अधिकारी) गोंडा द्वारा की गई जांच में सभी आरोप झूठे एवं बेबुनियाद पाए गए हैं। यह मामला निश्चित तौर पर विभाग व सरकार की छवि को धूमिल करने की मंशा से प्रेरित प्रयास प्रतीत होता है, जिसकी मैं भर्त्सना करता हूं।’’

सोमवार को समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से उप-मुख्­यमंत्री पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, ‘‘सपा को कोसने से फुर्सत मिल गई हो तो यह बताओ कि गोंडा में जो दर्दनाक घटना हुई है, उसके पीड़ितों को न्याय और सहायता कब मिलेगी? लखनऊ में बैठकर बोल वचन भाषणबाजी और मौखिक दिशा-निर्देश जारी करने से कुछ नहीं होता। सपा ने मदद की, सरकार कब करेगी?’’

सपा ने एक अन्य ट्वीट में सरकार से पीड़ित परिजनों को 50 लाख रुपये का मुआवजा देने की मांग करते हुए दावा किया है कि अखिलेश यादव (सपा प्रमुख) ने पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद की है। उल्­लेखनीय है कि गोंडा के धानेपुर थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव निवासी सिराज अहमद की पत्नी सायरा बानो को प्रसव पीड़ा के कारण शनिवार देर रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुजेहना में भर्ती कराया गया था। महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया, जिसकी सांसें न के बराबर चल रही थीं।

इस बीच, ड्यूटी पर मौजूद स्वास्थ्य र्किमयों ने नवजात को आॅक्सीजन पर रखने की बात कहते हुए दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिया और परिजनों को वहां से बाहर निकाल दिया। परिजनों के मुताबिक, रविवार सुबह स्वास्थ्य र्किमयों ने उन्हें बताया कि नवजात की मौत हो गई है।

परिजनों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने शिशु को देखा, तब पता चला कि उसे किसी जानवर ने अपना निवाला बनाया था। उन्होंने तत्काल घटना के बारे में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी दी और स्थानीय पुलिस को सूचित किया। प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता ने रविवार को बताया कि महिला के भाई हारून ने रात्रि ड्यूटी पर तैनात अस्पताल र्किमयों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बाद में गुप्­ता ने कहा कि स्थानीय थाने में प्रसूता के भाई की तहरीर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुजेहना के प्रसव चिकित्सा ड्यूटी स्टाफ (अज्ञात) के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा-304ए (लापरवाही पूर्वक कार्य करके किसी की मौत का कारण बनना) के तहत अभियोग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि तहरीर पर अभियोग दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी उज्­ज्­वल कुमार ने कहा, ‘‘जिलाधिकारी की अनुमति के बिना किसी भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ अभियोग दर्ज नहीं किया जा सकता। गंभीर धाराओं में तो बिल्कुल भी नहीं।’’

उन्­होंने कहा, ‘‘प्रभारी निरीक्षक ने ऐसा करके गलत किया है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिन लोगों ने इस प्रकरण को बेवजह तूल देकर विभाग की छवि खराब करने की कोशिश की है, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।’’ इससे पहले, जिलाधिकारी और मुख्­य चिकित्­साधिकारी (सीएमओ) ने मामले की जांच के लिए दो अलग-अलग समितियों का गठन किया था। नवजात शिशु को किसी जानवर द्वारा नुकसान पहुंचाए जाने के आरोपों को मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित जांच समिति ने रविवार देर रात गलत करार दिया। सीएमओ ने भी इसे गलत बताया।

जांच समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद जिलाधिकारी उज्जवल कुमार ने रविवार देर रात प्रेस के लिए जारी एक बयान में कहा कि रुद्रगढ़ नौसी निवासी सायरा बानो को 27 अगस्त को प्रसव पीड़ा के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुजेहना में भर्ती कराया गया था और उसने 28 अगस्त को देर रात करीब डेढ़ बजे एक मृत शिशु को जन्म दिया।

जिलाधिकारी के मुताबिक, अस्पताल में ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों ने समस्त अभिलेखीय कार्यवाही पूरी करने के बाद रात 2.20 बजे मृत शिशु को उसके माता-पिता व अन्य परिजनों को सौंप दिया। उन्होंने कहा कि परिजन रात में ही मृत शिशु को लेकर घर चले गए और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मौजूद स्टाफ अन्य चिकित्सीय कार्यों में व्यस्त हो गया।

जिलाधिकारी के अनुसार, इस बीच दो अन्य महिलाओं को प्रसव के लिए देर रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया और 28 अगस्त की सुबह करीब सात बजे मृत शिशु के परिजन कुछ अन्य लोगों के साथ दोबारा वहां पहुंच गए तथा सही ढंग से देखभाल न किए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

जिलाधिकारी के मुताबिक, परिजनों का आरोप था कि शिशु के होंठ को किसी जानवर ने कुतर दिया है। उन्होंने बताया कि अभिभावक खुद चिकित्सक और पुलिस बल की उपस्थिति में शिशु के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय ले गए। जिलाधिकारी ने बताया कि घटना की खबर मिलते ही प्रशासन ने फौरन मुख्य विकास अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के नेतृत्व में जांच टीम गठित कर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मुजेहना भेज दिया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से स्पष्ट हो जाएगा कि बच्चे को किसी जानवर ने काटा (कुतरा) है या नहीं।

जिलाधिकारी के अनुसार, परिजनों द्वारा मृत शिशु को अस्पताल से घर ले जाते समय किसी तरह की अनियमितता या शव के साथ किसी प्रकार की छेडछाड़ की कोई शिकायत नहीं की गई थी। उन्होंने बताया कि परिजनों ने अगली सुबह स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर घटना के बारे में बताया और हंगामा किया।

इससे पहले, जिलाधिकारी ने कहा था कि प्रथम दृष्टया लग रहा है कि बच्चे को किसी चूहे ने कुतर दिया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की अधीक्षक डॉ. सुमन मिश्रा ने बताया, ‘‘महिला को समय पूर्व मृत शिशु पैदा हुआ था और परिजनों को रात में ही बच्चा सौंप दिया गया था। वे उसे लेकर घर भी चले गए थे, लेकिन किसी के बहकावे में आकर वे कई अन्य लोगों के साथ सुबह दोबारा अस्पताल पहुंचे और अनावश्यक रूप से हंगामा किया।’’

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav