अयोध्या में अपना घर बनाएंगे अमिताभ बच्चन, 14.5 करोड़ रुपये में खरीदी जमीन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Jan 2024 07:31 PM
अयोध्या में अपना घर बनाएंगे अमिताभ बच्चन, 14.5 करोड़ रुपये में खरीदी जमीन
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिग्गज अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में 14.5 करोड़ रुपये में एक परियोजना में लगभग 10,000 वर्ग फुट जमीन खरीदी है. इसे मुंबई की जमीन जायदाद के विकास से जुड़ी कंपनी हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा विकसित कर रही है. हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा ने सौदे की पुष्टि की लेकिन इसकी राशि के बारे में कोई जानकारी नहीं दी. सूत्रों के अनुसार ‘द सरयू’ परियोजना में स्थित करीब 10,000 वर्ग फुट की जमीन 14.5 करोड़ रुपये में बेची गयी है.

बच्चन ने कहा, ”मैं अयोध्या में ‘द सरयू’ के लिए हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा के साथ इस यात्रा को शुरू करने के लिए उत्सुक हूं. एक ऐसा शहर जो मेरे दिल में एक विशेष स्थान रखता है… मैं वैश्विक आध्यात्मिक राजधानी में अपना घर बनाने के लिए उत्सुक हूं.” द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा के चेयरमैन अभिनंदन लोढ़ा ने बयान में कहा कि अयोध्या परियोजना में बच्चन का निवेश शहर की आर्थिक क्षमता और इसकी आध्यात्मिक विरासत को लेकर भरोसे को दर्शाता है.

अभिनंदन लोढ़ा हाउस ने 22 जनवरी, 2024 को राम मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के दिन ‘द सरयू’ परियोजना शुरू करने की योजना बनाई है. कुल 45 एकड़ में फैली इस परियोजना में सरयू नदी के किनारे एक होटल भी होगा. कंपनी ने अयोध्या में एक आधुनिक पैलेस होटल बनाने के लिए द लीला पैलेस, होटल्स एंड रिजॉर्ट्स के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं.

हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा ने पिछले साल जनवरी में एकीकृत टाउनशिप विकसित करने के लिए उत्तर प्रदेश में 3,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की अपनी योजना की घोषणा की थी. कुल प्रस्तावित निवेश में से 1,000 करोड़ रुपये अयोध्या में लगाए जाएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu