देर रात तक टीवी देखने पर मां की डांट से क्षुब्ध युवती ने की फांसी लगाकर खुदकुशी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 16 Oct 2023 09:34 PM
देर रात तक टीवी देखने पर मां की डांट से क्षुब्ध युवती ने की फांसी लगाकर खुदकुशी
ऑडियो सुनें

बलिया. बलिया जिले के उभांव क्षेत्र में एक युवती ने कथित रूप से देर रात तक टीवी देखने पर मां द्वारा फटकार लगाये जाने से क्षुब्ध होकर फांसी लगा ली. पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि उभांव थाना क्षेत्र के शेखपुर जहिदापुर गांव में रविवार रात मनीषा (18) ने घर के एक कमरे में अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और फांसी लगा ली. सूत्रों का कहना है कि सोमवार को सुबह जब देर तक दरवाजा नहीं खुला तो परिवार के लोगों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब न आने पर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई.

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़वाकर शव को नीचे उतरवाया. थाना प्रभारी एम. के. श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गयी. उन्होंने बताया कि पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लिखा गया है कि मनीषा ने मां की फटकार के कारण आत्महत्या की है. पारिवारिक सूत्रों के अनुसार मनीषा रविवार को देर रात टीवी पर धारावाहिक देख रही थी. इसी को लेकर उसकी मां ने उसे फटकार लगाई थी. मनीषा कक्षा 12 की छात्रा थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu