आशुतोष गोवारिकर आईएफएफआई अंतरराष्ट्रीय जूरी के अध्यक्ष नियुक्त

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 16 Nov 2024 03:32 PM
आशुतोष गोवारिकर आईएफएफआई अंतरराष्ट्रीय जूरी के अध्यक्ष नियुक्त
ऑडियो सुनें

मुंबई: फिल्मकार आशुतोष गोवारिकर को 2024 के भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के लिए अंतरराष्ट्रीय जूरी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। ‘‘जोधा अकबर’’, ‘‘लगान’’ और ‘‘स्वदेस’’ जैसी फिल्मों के निर्देशक गोवारिकर ने कहा कि वह प्रतिष्ठित फिल्म महोत्सव से जुड़कर सम्मानित महसूस कर रहे हैं। यह महोत्सव 20 से 28 नवंबर तक गोवा में आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘सिनेमा समय के साथ लगातार विकसित हो रहा है और इस विकास को देखने के लिए फिल्म महोत्सव से बेहतर कोई जगह नहीं है। भारत का अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव इस परिवर्तन का एक प्रतीक है और मैं इसका हिस्सा बनकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं।’’ गोवारिकर ने कहा, ‘‘मैं महोत्सव के निदेशक श्री शेखर कपूर और आईएफएफआई और एनएफडीसी टीम को इस वर्ष की अंतरराष्ट्रीय जूरी की अध्यक्षता के वास्ते मेरे नाम पर विचार करने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। सिनेमा की दुनिया में भाग लेना सौभाग्य की बात है।’’

महोत्सव निदेशक एवं आईएफएफआई के अध्यक्ष शेखर कपूर ने गोवारिकर के काम की प्रशंसा की।
कपूर ने कहा, ‘‘अध्यक्ष को सिनेमा की गहरी समझ होनी चाहिए और उन्हें विविध दृष्टिकोण देखने में भी सक्षम होना चाहिए। आशुतोष की फिल्मों ने कहानी कहने के व्यापक और विविध रूप को सफलतापूर्वक प्रर्दिशत किया है।’’ सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) और एंटरटेनमेंट सोसाइटी आॅफ गोवा (ईएसजी) के साथ मिलकर महोत्सव के 55वें संस्करण का आयोजन करेगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav