एशिया ओलंपिक क्वालीफायर : निशानेबाज नैन्सी ने स्वर्ण और इलावेनिल ने रजत पदक जीता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 10 Jan 2024 08:22 PM
एशिया ओलंपिक क्वालीफायर : निशानेबाज नैन्सी ने स्वर्ण और इलावेनिल ने रजत पदक जीता
ऑडियो सुनें

जकार्ता. उभरती हुई निशानेबाज नैन्सी और ओलंपियन इलावेनिल वलारिवान ने बुधवार को यहां एशिया ओलंपिक क्वालीफायर की महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में क्रमश: स्वर्ण और रजत पदक अपने नाम किये. जूनियर विश्व टीम चैम्पियन नैन्सी ने आठ निशानेबाजों के फाइनल में 252.8 अंक से शीर्ष स्थान हासिल किया. वहीं हमवतन इलावेनिल मामूली अंतर से स्वर्ण पदक से चूक गयीं, उन्होंने 252.7 अंक से रजत पदक जीता.

भारत मामूली अंतर से महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में क्लीन स्वीप से भी चूक गया. मेहुली घोष 210 अंक से चीन की शेन युफान से पीछे चौथे स्थान स्थान पर रहीं. वहीं भारत के विश्व चैम्पियन निशानेबाज रूद्रांक्ष पाटिल ने पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल में 228.7 अंक से कांस्य पदक जीता. इसमें चीन के मा सिहान (251.4) ने स्वर्ण और कोरिया के दाएहान चो ने रजत पदक हासिल किया. फाइनल में पहुंचे एक अन्य भारतीय अर्जुन बबुता छठे स्थान पर रहे.

रूद्रांक्ष ने 630.4 अंक से तीसरे स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था जबकि बबुता (629.6) चौथे स्थान से पदक राउंड में पहुंचे थे. इससे पहले 24 वर्षीय इलावेनिल ने क्वालीफाइंग दौर में 633.8 अंक बनाकर पहले स्थान से फाइनल में जगह बनायी थी जबकि नैन्सी ने 632.4 और मेहुली ने 631.0 अंक से क्वालीफाई किया था.

जूनियर महिला निशानेबाजों ने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल कर वो कर दिखाया जो सीनियर महिला निशानेबाज नहीं कर सकीं. इशा टकसाले (253.1), ख्याति चौधरी (251.2) और अवी राठौड़ (227.7) क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं.

जूनियर लड़कों ने भी अपने सीनियर निशानेबाजों से बेहतर प्रदर्शन किया. अभिनव साव (250.7) और पार्थ माने (229.6) ने जूनियर पुरुष एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते. इन दोनों ने उमामहेश मादिनेनी के साथ मिलकर टीम स्पर्धा का रजत पदक भी अपने नाम किया. महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के पहले दिन के क्वालीफिकेशन में 50 निशानेबाजों में ईशा सिंह 291 अंक से तीसरे, रिद्म सांगवान 290 अंक से पांचवें और सिमरनप्रीत कौर बरार 287 अंक से 12वें स्थान पर थीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu