असम: सिलचर ‘एक्सपो’ में बजरंग दल की मांग पर हटाई गईं बांग्लादेशी उत्पाद बेचने वाली दो दुकानें

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 04 Dec 2024 08:32 PM
असम: सिलचर ‘एक्सपो’ में बजरंग दल की मांग पर हटाई गईं बांग्लादेशी उत्पाद बेचने वाली दो दुकानें

ऑडियो सुनें

सिलचर. असम के सिलचर में ‘ग्लोबल एक्सपो’ में बांग्लादेशी सामान बेचने वाली दो दुकानों को आयोजकों ने तब हटा दिया जब बजरंग दल के सदस्यों ने पड़ोसी देश में हिंदुओं और अन्य अल्पसंख्यकों पर अत्याचार का हवाला देते हुए मांग की कि बांग्लादेश का कोई भी उत्पाद नहीं बेचा जाना चाहिए.

बजरंग दल के सदस्यों के एक दल ने आयोजकों से मुलाकात की और उन्हें बताया कि ‘एक्सपो’ में ”बांग्लादेश” शब्द वाली सभी विज्ञापन सामग्री को तत्काल हटा दिया जाना चाहिए और वहां ऐसा कोई भी उत्पाद नहीं बेचा जाना चाहिए. बजरंग दल के प्रवक्ता मिंटू नाथ ने कहा, ”जब तक पड़ोसी देश में हिंदुओं के खिलाफ अत्याचार जारी रहेंगे, तब तक पूरे कछार जिले में किसी भी दुकान में कोई भी बांग्लादेशी उत्पाद नहीं बिकने दिया जाएगा.” प्रदर्शनकारी गोल्डीघी मॉल में बांग्लादेश वीजा केंद्र भी गए और मांग की कि साइनबोर्ड से ”बांग्लादेश” शब्द हटाया जाए.

एक्सपो स्थल टाउन क्लब फील्ड में वीजा कार्यालय के अंदर और आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था. पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ”स्थिति नियंत्रण में है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे जिले में कड़ी निगरानी रखी जा रही है.”

By Yogesh Kumar Sahu