असम : ‘लेडी सिंघम’ के नाम से मशहूर महिला पुलिस अधिकारी की सड़क हादसे में मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 May 2023 08:26 PM
असम : ‘लेडी सिंघम’ के नाम से मशहूर महिला पुलिस अधिकारी की सड़क हादसे में मौत
ऑडियो सुनें

नागांव. कई विवादों में फंसी असम पुलिस की महिला उप-निरीक्षक की मंगलवार तड़के एक सड़क हादसे में मौत हो गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि नागांव जिले में कलियाबोर अनुमंडल के जाखलाबंधा थाना क्षेत्र के तहत सरुभुगिया गांव मे महिला पुलिस अधिकारी की कार एक कंटेनर ट्रक से टकरा गई जिससे उसकी मौत हो गई. हादसे के समय वह अपनी निजी कार में थी और उन्होंने पुलिस की वर्दी धारण नहीं कर रखी थी.

सड़क हादसे में जान गंवाने वाली महिला पुलिस जुनोमनी राभा, ‘लेडी सिंघम’ या ‘दबंग कॉप’ के नाम से मशहूर थी. वह मोरीकोलोंग पुलिस चौकी की प्रभारी थी और अपराधियों के खिलाफ कठोर कदम उठाती थी.

जाखलाबांधा पुलिस थाने के प्रभारी पवन कालिता ने कहा, “देर रात करीब ढाई बजे हादसे की सूचना मिली जिसके बाद पुलिस गश्ती दल मौके पर पहुंचा और उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.” उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश से आ रहे कंटेनर ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है. दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया.

नागांव की पुलिस अधीक्षक लीना डोले ने सुबह मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. हालांकि, पुलिस को इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि महिला पुलिस अधिकारी अपनी निजी कार में बिना किसी सुरक्षा और सादी कपड़ों में अकेले ऊपरी असम की ओर क्यों जा रही थी. वहीं, उनके परिवार को भी इस यात्रा के बारे में कोई जानकारी नहीं है.

पिछले साल जून में उन्हें उनके पूर्व प्रेमी के साथ कथित भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और माजुली जिले की एक अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया था जिसके बाद उनकी सेवा निलंबित कर दी गई थी. बाद में उनका निलंबन खत्म कर दिया गया और वह पुलिस सेवा में फिर वापस आ गयी. पिछले साल जनवरी में बिहपुरिया निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक अमिय कुमार भुइंया के साथ उनकी टेलीफोनिक बातचीत लीक होने के कारण भी वह विवाद में आयी थीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu