आतिशी का मुख्यमंत्री बनना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चिंता का विषय होगा : भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 17 Sep 2024 10:38 PM
आतिशी का मुख्यमंत्री बनना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चिंता का विषय होगा : भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/पालघर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आतिशी को दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) विधायक दल की नेता चुने जाने को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ‘चिंता का विषय’ करार दिया और कहा कि यह नगर के लोगों के साथ ‘अन्याय’ है. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने मंगलवार को एक बयान जारी कर आतिशी को दिल्ली की मुख्यमंत्री बनाए जाने के फैसले की आलोचना की.

उन्होंने कहा, “यह चिंताजनक है कि आप ने आतिशी को मुख्यमंत्री के तौर पर चुना है जबकि उनके माता-पिता भारतीय संसद पर हमले के लिए जिम्मेदार एक आतंकवादी को फांसी दिए जाने से रोकना चाहते थे.” उन्होंने कहा कि यह फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति आप की प्रतिबद्धता पर गंभीर सवाल खड़े करता है.

चुघ ने कहा, “किसी ऐसे व्यक्ति को विधायक दल की नेता नियुक्त करना, जिनके परिवार को एक दोषी आतंकवादी के साथ सहानुभूति थी, दिल्ली के लोगों के साथ अन्याय है.” उन्होंने आप पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने और दिल्ली के नागरिकों के हितों की रक्षा करने में विफल रहने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, “इस फैसले का सिर्फ दिल्ली के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए निहितार्थ है. दिल्ली के लोगों को उन नेताओं को खारिज कर देना चाहिए जो देश की सुरक्षा और नागरिकों की सुरक्षा के साथ समझौता करते हैं.”

राहुल गांधी का पासपोर्ट रद्द कर देना चाहिए: आठवले

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने मंगलवार को मांग की कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पासपोर्ट रद्द कर देना चाहिए ताकि उन्हें विदेश यात्राओं के दौरान भारत को ”बदनाम” करने से रोका जा सके. सामाजिक न्याय राज्य मंत्री आठवले ने पालघर में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी को “आरक्षण विरोधी” बयान देना शोभा नहीं देता.

हाल की अमेरिका यात्रा के दौरान राहुल गांधी द्वारा की गई कुछ टिप्पणियों को लेकर पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए आठवले ने कहा, ”राहुल गांधी विदेश जाते हैं और इस तरह के बयान देकर भारत को बदनाम करते हैं. उन्हें इस तरह की टिप्पणी करने से रोकने के लिए उनका पासपोर्ट रद्द कर दिया जाना चाहिए.” दलित नेता आठवले ने कहा कि कांग्रेस एक दिन खत्म हो जाएगी, लेकिन आरक्षण खत्म नहीं होगा.

आठवले की रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता अजित पवार के साथ गठबंधन करना महायुति (महागठबंधन) की संभावनाओं के लिए हानिकारक नहीं है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu