भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद पर हमला, गोली लगने से घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 28 Jun 2023 09:59 PM
भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद पर हमला, गोली लगने से घायल
ऑडियो सुनें

सहारनपुर. उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के देवबंद में बुधवार को अज्ञात हमलावरों ने भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद पर गोली चला दी, जिससे वह घायल हो गये. पुलिस अधिकारी यह जानकारी दी. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विपिन टाडा ने बताया कि बुधवार शाम सवा पांच बजे थाना देवबंद पुलिस को चंद्रशेखर आजाद पर गोली चलने की सूचना मिली जिससे पुलिस के आला अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल को तुरन्त ही अस्पताल ले गये .

टाडा के अनुसार गोली आजाद के पेट से छूकर निकली है और अब उनके द्वारा बताये गये घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है . उन्होंने बताया कि आजाद की स्थिति खतरे से बाहर है और स्थिति बिल्कुल सामान्य है . नगर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यू मांगलिक ने बताया, ”आजाद बुधवार को देवबंद में अपनी पार्टी के किसी कार्यकर्ता के घर से छुटमलपुर लौट रहे थे. जब उनकी गाड़ी देवबंद क्षेत्र में थी, तभी हरियाणा नम्बर की एक कार में सवार होकर आए हमलावरों ने चंद्रशेखर पर चार राउंड गोली चलायी, जिससे एक गोली उनके पेट को छूती हुई निकल गई. इस गोलीबारी में कार के शीशे भी टूट गये.”

मांगलिक ने बताया, ”घायल चन्द्रशेखर को देवबंद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराने के बाद प्राथमिक उपचार देकर जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जाती है. अस्पताल में भी आजाद की सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं . ” अधिकारी ने बताया कि जिले की सीमाओं को सील कर दिया गया है और सीसीटीवी कैमरों की मदद से हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है एवं उनकी तलाश की जा रही है. हमलावरों की तलाश में आसपास के जिलों को भी अलर्ट कर दिया गया है.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला हैं कि हमलावरों की संख्या चार से पांच के बीच हो सकती हैं . लखनऊ में पुलिस महानिदेशक कार्यालय ने सहारनपुर पुलिस से घटना के बारे में विस्तृत रिपोर्ट तलब की है. आजाद पर हमले की सूचना मिलते ही उनके समर्थकों का चिकित्सालय में तांता लग गया. घटना की जानकारी मिलते ही सहारनपुर के जिलाधिकारी दिनेश चन्द्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विपिन टांडा भी अस्पताल पहुंचे.

भीम आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण गौतम ने घटना की निंदा करते हुए भीम आर्मी प्रमुख को जेड प्लस सुरक्षा देने की मांग की है .
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजाद पर हमले के आलोक में ट्वीट किया, ”सहारनपुर के देवबंद में आज.ाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चन्द्रशेखर आज.ाद पर सत्ता संरक्षित अपराधियों के द्वारा जानलेवा हमला घोर निंदनीय एवं कायरतापूर्ण कृत्य है. भाजपा राज में जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं, तो आम जनता का क्या होगा. उप्र में जंगलराज.”

सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने कहा, ”चंद्रशेखर पर हुआ जानलेवा हमला प्रदेश के खोखले हो चुके कानून व्यवस्था के लिए एक खतरा है. जाग जाओ सरकार.” राष्ट्रीय लोकदल प्रमुख जयंत सिंह ने ट्वीट कर कहा,”चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला मन व्यथित करने वाली घटना है. विश्वास है कि भीम आर्मी प्रमुख जल्द स्वस्थ होकर अपने चुने पथ पर चलते रहेंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu