कोहली के जन्मदिन को यादगार बनाने की तैयारी में बंगाल क्रिकेट संघ..

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 04 Nov 2023 03:22 PM
कोहली के जन्मदिन को यादगार बनाने की तैयारी में बंगाल क्रिकेट संघ..
ऑडियो सुनें

कोलकाता: अतीत में कई ऐतिहासिक मैचों की मेजबानी कर चुके ईडन गार्डंस पर इस बार भारतीय टीम अपना एकमात्र लीग मैच रविवार को दक्षिण अफ्रीका से खेलेगी तो यह उसके स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का 35वां जन्मदिन भी होगा जिसे यादगार बनाने में बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहता ।

ईडन गार्डंस पर मैच से कई दिन पहले ही से गहमागहमी शुरू है और तैयारियों को अंतिम रूप देने में सभी अधिकारी मसरूफ हैं। एक तरफ टिकट नहीं मिलने से गुस्साये क्रिकेट प्रेमियों को जवाब देना है तो दूसरी ओर इस मैच को खास बनाने की हर संभावना तलाशनी है।

कैब के एक आला अधिकारी ने बताया कि कोहली के लिये एक खास केक और उपहार स्वरूप बल्ला तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा ,‘‘ कोहली चैम्पियन क्रिकेटर हैं और यह हमारी खुशकिस्मती है कि हम उनके जन्मदिन के दिन इतने अहम मैच की मेजबानी कर रहे हैं। हमने उनके लिये एक खास केक तैयार कराया है जो टीम के ड्रेंिसग रूम में भेजा जायेगा।’’

पहले ऐसी खबरे थी कि कोहली पारी ब्रेक के दौरान या मैच शुरू होने से पहले मैदान पर ही केक काटेंगे। मैच के लिये कोहली के मास्क भी बांटे जाने की खबरें हैं। उन्होंने कहा ,‘‘ इसके अलावा कैब अध्यक्ष स्रेहाशीष गांगुली उन्हें एक बल्ला प्रदान करेंगे । यह या तो पारी के ब्रेक में होगा या मैच शुरू होने से पहले।’’ इस मैच के लिये केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और महानायक अमिताभ बच्चन को भी न्यौता दिया गया है।

एक सूत्र ने बताया ,‘‘ गृहमंत्री अमित शाह क्रिकेट के शौकीन है और उन्हें इस मैच के लिये आमंत्रित किया गया है हालांकि अभी उनकी ओर से जवाब नहीं आया है। वहीं अमिताभ बच्चन को भी न्योता भेजा गया लेकिन उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से आने से इनकार किया है।’’ भारत के पूर्व कप्तान और कोलकाता के चहेते सौरव गांगुली, बीसीसीआई सचिव जय शाह मैच के दौरान रहेंगे ही। वहीं दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स मैदान में आईसीसी ट्रॉफी लेकर मैदान पर आयेंगे।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav