बंगाल : मेडिकल छात्रा से बलात्कार मामले में तीन आरोपियों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 12 Oct 2025 07:39 PM
बंगाल : मेडिकल छात्रा से बलात्कार मामले में तीन आरोपियों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया
ऑडियो सुनें

दुर्गापुर/कोलकाता. पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की छात्रा के साथ सामूहिक बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार तीन लोगों को रविवार को एक अदालत ने 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. आरोपियों पर सामूहिक बलात्कार और आपराधिक साजिश के आरोप लगाए गए हैं. दुर्गापुर के एसडीजेएम ने तीनों आरोपियों को 10 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.

अभियोजन पक्ष के वकील ने कथित अपराध में संलिप्त अन्य लोगों को गिरफ्तार करने के लिए पूछताछ के वास्ते उनकी पुलिस हिरासत का अनुरोध किया. ओडिशा की रहने वाली मेडिकल कॉलेज की छात्रा के साथ शुक्रवार रात पश्चिम बर्धमान जिले के दुर्गापुर स्थित निजी मेडिकल कॉलेज परिसर के बाहर कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया गया, जब वह एक दोस्त के साथ रात का खाना खाने गई थी. छात्रा के माता-पिता ने यहां न्यू टाउनशिप पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी.

दुर्गापुर में मेडिकल छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म मामले में भाजपा, कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया

दुर्गापुर में एक मेडिकल छात्रा के साथ कथित सामूहिक बलात्कार के मुद्दे पर विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस ने रविवार को पश्चिम बंगाल में विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की. भाजपा समर्थकों ने आसनसोल दक्षिण पुलिस थाने तक विरोध मार्च निकाला और थाने के गेट के बाहर धरना दिया. भाजपा की पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी दुर्गापुर स्थित उस अस्पताल गईं जहां पीड़िता का इलाज चल रहा है, लेकिन पुलिस र्किमयों ने उन्हें अंदर प्रवेश नहीं करने दिया.
पार्टी ने राज्य के सबसे बड़े औद्योगिक शहर दुर्गापुर में सिटी सेंटर के सामने भी विरोध प्रदर्शन किया.

महिला कांग्रेस कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचीं और मांग की कि उन्हें संस्थान के अधिकारियों से बात करने की अनुमति दी जाए.
वाम मोर्चा के अध्यक्ष बिमान बोस ने दोषी पाए गए लोगों के लिए मृत्युदंड की मांग की. कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक डॉक्टर के बलात्कार-हत्या के बाद 2024 में गठित फोरम ‘अभया मंच’ और वरिष्ठ डॉक्टर्स एसोसिएशन के सदस्यों ने भी पीड़िता के परिवार के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए दुर्गापुर का दौरा किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu