बीएफआई ने विश्व मुक्केबाजी के नये वजन वर्गों को अपनाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 08 Jan 2025 08:42 PM
बीएफआई ने विश्व मुक्केबाजी के नये वजन वर्गों को अपनाया
ऑडियो सुनें

बरेली. भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) विश्व मुक्केबाजी (डब्ल्यूबी) द्वारा शुरू किए गए वजन वर्गीकरण के अनुरूप यहां 10 भार वर्गों में पुरुषों की राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन कर रहा है. इस चैम्पियनशिप का आयोजन विश्व मुक्केबाजी के तकनीकी और प्रतिस्पर्धा नियमों के तहत किया जा रहा है. इसमें निलंबित अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ (आईबीए) रोस्टर में शामिल 13 भार श्रेणियों के बजाय 10 भार श्रेणियां हैं.

पुरुषों की राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 50 किग्रा (फ्लाईवेट), 55 किग्रा (बैंटमवेट), 60 किग्रा (लाइटवेट), 65 किग्रा (वेल्टरवेट), 70 किग्रा (लाइट मिडलवेट), 75 किग्रा (मिडलवेट), 80 किग्रा (लाइट हैवीवेट), 85 किग्रा (क्रूजरवेट), 90 किग्रा (हैवीवेट)) और 90 किग्रा से अधिक (सुपर हैवीवेट) के भार वर्ग शामिल है. इनमें से छह श्रेणियां 55 किग्रा, 60 किग्रा, 65 किग्रा, 70 किग्रा, 80 किग्रा और 90 किग्रा को ओलंपिक भार श्रेणियों में शामिल होने का अनुमान है.

महिलाओं के लिए नयी श्रेणियां 48 किग्रा (लाइट फ्लाईवेट) से शुरू होती है. इसमें 51 किग्रा (फ्लाईवेट), 54 किग्रा (बैंटमवेट), 57 किग्रा (फेदरवेट), 60 किग्रा (लाइटवेट), 65 किग्रा (वेल्टरवेट), 70 किग्रा (लाइट मिडिलवेट), 75 किग्रा (मिडलवेट), 80 किग्रा (लाइट हैवीवेट), 81 किग्रा से अधिक (हैवीवेट) का भार वर्ग शामिल है.

विश्व मुक्केबाजी एक अलग अंतरराष्ट्रीय संस्था है जिसका लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) से मान्यता प्राप्त करने के साथ यह सुनिश्चित करना है कि मुक्केबाजी ओलंपिक खेलों का हिस्सा बना रहे. अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ (आईबीए) का दर्जा छीनने के बाद पिछले साल अप्रैल में गठित डब्ल्यूबी खुद से अपेक्षित 60 सदस्यों को जोड़ने में कामयाब रहा है. उम्मीद है कि आईओसी अगले साल की शुरुआत में इसकी मान्यता पर फैसला ले लेगा. भारत कुछ सप्ताह पहले डब्ल्यूबी से जुड़ा है.

‘स्ट्रैंड्जा मेमोरियल’ के रजत पदक विजेता गोविंद साहनी ने मंगलवार को शुरुआती दिन जम्मू-कश्मीर के मोहम्मद आरिफ पर शानदार जीत के साथ अपने राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत की. राजस्थान के देवेन्द्र सोलंकी ने फ्लाईवेट (47-50 किग्रा) वर्ग में डोनाल्ड विंस्टन जनुमाला को हराकर टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत की.

हिमाचल प्रदेश के बादल बेंटमवेट (50-55 किग्रा) वर्ग में मिजोरम के लालहरुआइतलुआंगा के खिलाफ विजयी हुए. लाइटवेट वर्ग में गोवा के नितेश चव्हाण ने केरल के मोहम्मद आतिफ को 5-0 से हराया, जबकि अरुणाचल के इतो अदो ने हिमांशु सिंह पर कड़ी टक्कर में जीत हासिल की. वेल्टरवेट (60-65 किग्रा) वर्ग में भानु प्रकाश ने आशीष को हराया तो वहीं मिडिलवेट (70-75 किग्रा) भार वर्ग में निखिल दुबे और अर्शप्रीत सिंह भट्टी ने प्रभावशाली जीत दर्ज की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu