भगवंत मान ने कनाडा में हिंदू मंदिर पर हमले की निंदा की, कहा- कनाडा सरकार के साथ मसला उठाये केंद्र

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 05 Nov 2024 07:45 PM
भगवंत मान ने कनाडा में हिंदू मंदिर पर हमले की निंदा की, कहा- कनाडा सरकार के साथ मसला उठाये केंद्र
ऑडियो सुनें

चंडीगढ़. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को कनाडा के ब्रैम्पटन में एक हिंदू मंदिर पर हमले की निंदा की और केंद्र से भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए इस मुद्दे को कनाडा सरकार के समक्ष उठाने का आग्रह किया. रविवार को ब्रैम्पटन में एक हिंदू मंदिर में खालिस्तानी झंडे लेकर आए प्रदर्शनकारियों की लोगों से झड़प हो गई थी.

मान ने बठिंडा में संवाददाताओं से कहा, ”मैं इस घटना की कड़ी निंदा करता हूं. मैं भारत सरकार से भी मांग करता हूं कि वह इस मुद्दे पर कनाडा सरकार से बात करे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.” उन्होंने कहा कि कई पंजाबी कनाडा को अपना दूसरा घर मानते हैं और कोई नहीं चाहता कि वहां ऐसी हिंसक घटना हो. शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के कार्यकारी अध्यक्ष बलविंदर सिंह भूंदड़ ने भी घटना की निंदा की और भारतीय मूल के लोगों से सांप्रदायिक आधार पर उन्हें बांटने की साजिशों को विफल करने की अपील की.

भूंदड़ एक बयान जारी कर कहा, ”कनाडा में सिखों और हिंदुओं को सांप्रदायिक आधार पर बांटने की कोशिश की जा रही है. यह हमारे गुरु साहिबान की शिक्षाओं के खिलाफ है, जिन्होंने ‘सरबत दा भला’ (सबका कल्याण) की अवधारणा को आगे बढ़ाया है.” उन्होंने कनाडा में रहने वाले हिंदू एवं सिख समुदायों के लोगों से अपील की कि वे अपनी साझा जड़ों को पहचानें और अत्यधिक संयम बरतें तथा सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखें.

भारत ने कहा है कि वह कनाडा में अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर ”गहरी चिंता” में है. भारत-कनाडा संबंध उत्तरी अमेरिकी देश द्वारा खालिस्तानी अलगाववादियों को कथित समर्थन और भारत द्वारा आतंकवादी घोषित किए गए कनाडाई नागरिक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में नयी दिल्ली की संलिप्तता के आरोपों को लेकर गहरे संकट में हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav