नयी दिल्ली/लखनऊ/अगरतला. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी को पार्टी की प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया और वहीं राजीव भट्टाचार्य को पार्टी की त्रिपुरा इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया.
भारतीय जनता पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई. भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने बयान में कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने भूपेंद्र सिंह चौधरी को उत्तर प्रदेश में पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया है.
चौधरी की नियुक्ति को राजनीतिक रूप से प्रभावशाली जाट समुदाय को साधने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है. ज्ञात हो कि केंद्र सरकार के विवादास्पद तीन कृषि कानूनों के खिलाफ राजधानी दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में एक साल तक चले आंदोलन में जाट समुदाय ने अग्रणी भूमिका निभायी थी.
चौधरी की नियुक्ति के साथ ही उत्तर प्रदेश तीसरा राज्य हो गया है, जहां भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी जाट नेताओं को सौंपी है. हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ और राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पुनिया जाट समुदाय से आते हैं.
चौधरी ने बुधवार देर शाम नड्डा से मुलाकात की थी. वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंत्रिपरिषद में पंचायती राज मंत्री हैं.
चौधरी, प्रदेश सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का स्थान लेंगे. पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा संगठन का नेतृत्व सिंह ने किया था. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब दोबारा राज्य की कमान संभाली तो उन्होंने सिंह को अपने मंत्रिपरिषद में शामिल किया. आदित्यनाथ ने अध्यक्ष बनाए जाने पर चौधरी को बधाई दी और भरोसा व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में भाजपा प्रदेश में सफलता के नए प्रतिमान स्थापित करेगी.
उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘‘वरिष्ठ व जनप्रिय राजनेता भूपेंद्र सिंह चौधरी को उत्तर प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष बनने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. नि:संदेह, आपके ऊर्जावान नेतृत्व में भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ भाव के साथ प्रदेश में सफलता के नए प्रतिमान स्थापित करेगी.’’ अपनी नियुक्ति के बाद लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत में चौधरी ने कहा कि वह सभी को साथ लेकर चलेंगे.
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2024 के चुनावों के लिए मुझे जो लक्ष्य दिया गया है, मैं उसे हासिल करने का प्रयास करूंगा.’’ आगामी लोकसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए चौधरी ने कहा, ‘‘हमने राज्य की सभी 80 सीटें जीतने का लक्ष्य तय किया है.’’ एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और संगठन में समन्वय की कोई समस्या नहीं है. उनकी नियुक्ति को जाट बाहुल्य पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोक दल और समाजवादी पार्टी के गठबंधन की काट के रूप में भी भाजपा के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लोकसभा की 29 सीटें हैं.
मुख्यमंत्री योगी पूर्वी उत्तर प्रदेश से हैं. ऐसे में भाजपा ने चौधरी को प्रदेश अध्यक्ष के पद पर नियुक्त कर क्षेत्रीय संतुलन भी साधने की कोशिश की है. चौधरी पश्चिमी उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं और वह विधान परिषद के सदस्य हैं. चौधरी (54) मुरादाबाद के महेंद्र सिकंदरपुर के रहने वाले हैं. शुरुआती दिनों में वह विश्व हिन्दू परिषद के सदस्य थे लेकिन बाद में 1991 में वह भाजपा में शामिल हो गए. वह पार्टी की मुरादाबाद जिला इकाई के अध्यक्ष और कोषाध्यक्ष सहित कई पदों पर रहे हैं.
साल 1999 में उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ा था लेकिन उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा. साल 2016 में उन्हें राज्य विधानपरिषद का सदस्य बनाया गया था. योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकार में भी वह पंचायती राज मंत्री थे. बतौर मंत्री स्वच्छ भारत अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में रिकार्ड संख्या में शौचालय बनाने और राज्य के सभी 75 जिलों को शौच से मुक्त करने का श्रेय उन्हें दिया जाता है.
भाजपा ने राजीव भट्टाचार्य को त्रिपुरा का नया अध्यक्ष नियुक्त किया
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को राजीव भट्टाचार्य को पार्टी की त्रिपुरा इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया. वह अभी तक प्रदेश इकाई में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे थे. भट्टाचार्य प्रदेश अध्यक्ष के रूप में माणिक साहा की जगह लेंगे. वर्ष 2020 में भाजपा ने साहा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया था. इसी साल मई महीने में विप्लब देब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद साहा को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया गया था. तब से वह मुख्यमंत्री के साथ ही प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे.
पार्टी सूत्रों ने बताया कि त्रिपुरा में अगले साल प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है. पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में भाजपा महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने राजीव भट्टाचार्य को त्रिपुरा में पार्टी का अध्यक्ष नियुक्त किया है. भट्टाचार्य को उनके सांगठनिक कौशल के लिए जाना जाता है. वह प्रदेश इकाई में कोषाध्यक्ष और महासचिव के पद पर भी रह चुके हैं. उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री विप्लब देब का करीबी माना जाता है.
नये प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति नड्डा के त्रिपुरा दौरे से दो दिन पहले हुई है. भाजपा अध्यक्ष 28 अगस्त को राज्य के दौरे पर पहुंचेंगे और वह खुमुलवंग में एक रैली को संबोधित करेंगे. भाजपा के त्रिपुरा प्रभारी विनोद सोनकर पहले ही इस पूर्वोत्तर राज्य में पहुंच चुके हैं और नड्डा की रैली को सफल आयोजन बनाने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर रहे हैं. मुख्यमंत्री साहा और पूर्व मुख्यमंत्री विप्लब देब ने अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर भट्टाचार्य को बधाई दी.
भाजपा ने सौदान सिंह को बनाया हिमाचल प्रदेश का चुनाव प्रभारी
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस साल के अंत में हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बृहस्पतिवार को पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह को प्रदेश का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया. पार्टी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई. इसके मुताबिक केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के भाई देवेंद्र सिंह राणा को हिमाचल प्रदेश में चुनाव का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है. राणा पिछले साल भाजपा में शामिल हुए थे.
प्रत्येक राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा वहां चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त करती है. चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारी पर चुनावों की रणनीति बनाने के साथ ही उम्मीदवारों के चयन और प्रमुख मुद्दों को धार देने की जिम्मेदारी होती है. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के चुनावी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी उनके द्वारा तय की जाती है. हिमाचल प्रदेश में फिलहाल भाजपा का शासन है और जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री हैं. इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं. भाजपा ने दावा किया है कि हर चुनाव में सरकार बदलने की परंपरा को वह इस बार हिमाचल प्रदेश में तोड़ेगी, जैसे कि हाल ही में उसने उत्तराखंड में कर दिखाया है.