
बीजापुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया, जिससे विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के दो जवानों की जान चली गई और चार अन्य घायल हो गए. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी और माओवाद के खात्मे तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी.
अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर के तर्रेम थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया. घटना में विशेष कार्य बल (एसटीएफ) के दो आरक्षक-भरत साहू और सत्येर सिंह कांगे की मौत हो गई, जबकि चार अन्य जवानों के घायल होने की खबर है.
अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सलियों के दरभा डिवीजन, पश्चिम बस्तर डिवीजन और मिलिट्री कंपनी नंबर दो के नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. इसके बाद 16 जुलाई को इन जिलों से एसटीएफ, डीआरजी और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कोबरा बटालियन के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया.
अधिकारियों के मुताबिक, संयुक्त दल जब अभियान पूरा कर लौट रहा था, तभी बुधवार देर रात बीजापुर जिले के तर्रेम क्षेत्र में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया, जिसकी चपेट में आकर एसटीएफ के दो जवान मारे गए और चार अन्य जवान घायल हो गए.
अधिकारियों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भेजा गया और शहीद जवानों के शवों व घायल जवानों को घटनास्थल से बाहर निकाला गया. घायल जवानों के उपचार के इंतजाम भी किए गए. उन्होंने बताया कि घायल जवानों को बेहतर चिकित्सा के लिए राजधानी रायपुर ले जाया जाएगा. अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना के बाद सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा है कि जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी.
साय ने कहा ”बीजापुर जिले के तर्रेम क्षेत्र में माओवादियों द्वारा किए गए बारुदी सुरंग विस्फोट में एसटीएफ के दो जवानों के शहीद होने और चार जवानों के घायल होने की दु:खद सूचना प्राप्त हुई है. ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा की शांति और घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.” मुख्यमंत्री ने कहा, ”माओवाद के खात्मे के लिए हमारी सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान से नक्सली विचलित हैं और कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं. जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी. माओवाद के खात्मे तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी.” पुलिस के अनुसार, इस साल अब तक छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों ने 139 नक्सलियों को मार गिराया है.
नक्सली हमला: छत्तीसगढ़ में बम विस्फोट में दो जवान घायल
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गये ‘प्रेशर बम’ की चपेट में आने से सुरक्षाबल के दो जवान घायल हो गए हैं. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. इस प्रेशर बम में विस्फोटक पदार्थ ‘इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस’ (आईईडी) इस्तेमाल किया जाता है. इससे पहले बुधवार देर रात बीजापुर जिले में ही बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से दो जवान शहीद हो गए तथा चार अन्य घायल हो गए हैं.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुतवेंडी गांव के करीब प्रेशर बम की चपेट में आने से डीआरजी के दो जवान घायल हो गए हैं. उन्होंने बताया कि गंगालूर थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों को गश्त पर रवाना किया गया था. दल जब मुतवेंडी गांव के करीब था तब जवानों का पैर प्रेशर बम के ऊपर चला गया. इससे बम में विस्फोट हो गया और दो जवान घायल हो गए.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एक जवान की हालत गंभीर है.



