बीजापुर: बारूदी सुरंग में विस्फोट, एक जवान घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 20 Apr 2023 07:07 PM
बीजापुर: बारूदी सुरंग में विस्फोट, एक जवान घायल
ऑडियो सुनें

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में बारूदी सुरंग में विस्फोट होने से सुरक्षाबल का एक जवान घायल हो गया है. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के नेलसनार थाना क्षेत्र में बांगापाल गांव के करीब बारूदी सुरंग विस्फोट की चपेट में आकर जवान सीताराम कुडियाम घायल हो गये.

उन्होंने बताया कि आज सुबह सात बजे नेलसनार थाना से सुरक्षाबल को गश्त के लिए रवाना किया गया था और जब यह दल बांगापाल गांव से तीन किलोमीटर की दूरी पर था तब सड़क पर एक बारूदी सुरंग होने की जानकारी मिली. उन्होंने बताया कि जब इस दल के जवान बारूदी सुरंग को निष्क्रिय कर रहे थे तब उसमें विस्फोट हो गया और कुडियाम घायल हो गये.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद घायल जवान को एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया तथा प्रारंभिक उपचार के बाद कुडियाम को पड़ोसी दंतेवाड़ा के जिला अस्पताल में भेजा गया है. नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के बड़े तुंगली गांव में 17 अप्रैल को इसी तरह की घटना में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) का एक जवान घायल हो गया था. मार्च में भी सीआरपीएफ के बम निरोधक दस्ते का एक सदस्य नेलसनार इलाके में ही बारूदी सुरंग को निष्क्रिय करने के दौरान घायल हो गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu