बीजापुर: आठ लाख रुपए का इनामी नक्सली गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 14 Mar 2024 09:29 PM
बीजापुर: आठ लाख रुपए का इनामी नक्सली गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने आठ लाख रुपए के इनामी नक्सली को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के डिविजनल कमेटी मेंबर सुधाकर उर्फ उंडम को गिरफ्तार कर लिया है. सुधाकर के सर पर आठ लाख रुपए का इनाम है.

उन्होंने बताया कि जिले में चलाए जा रहे माओवादी विरोधी अभियान के तहत बुधवार को डीआरजी बीजापुर, जिला बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कोबरा बटालियन के संयुक्त दल को गुंडम और पूवर्ती गांव की ओर रवाना किया गया था. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने गुंडम और पूवर्ती गांव के मध्य जंगल से सुधाकर ऊर्फ उंडम (55) को गिरफ्तार कर लिया.

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार नक्सली सुधाकर 1996 में माओवादी संगठन में शामिल हुआ था तथा 1996 से 2000 तक पीएलजीए सदस्य के रूप में संगठन में कार्य किया. वह 2001 से 2005 तक मद्देड़ दलम कमांडर के पद पर कार्यरत था तथा 2006 से 2008 तक पश्चिम बस्तर संभाग में आपूर्ति टीम का प्रमुख था.

अधिकारियों ने बताया कि सुधाकर 1996 में तारलागुड़ा में हुए माओवादी हमले में शामिल था. वह मद्देड़ एरिया कमेटी में दलम कमांडर के रूप में कार्य करते हुए हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण, लूट, आगजनी, मारपीट, बलवा जैसे कई गंभीर अपराध में शामिल रहा है.
उन्होंने बताया कि नक्सली सुधाकर के खिलाफ कुल 108 मामलों में स्थाई वारंट लंबित है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu